रायपुर, छत्तीसगढ़। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर के तेलीबांधा तालाब से ‘जय भीम पदयात्रा’ का भव्य शुभारंभ किया। इस आयोजन का उद्देश्य बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुँचाना और संविधान के मूल्यों के प्रति युवाओं को जागरूक करना रहा।

मुख्यमंत्री साय स्वयं पदयात्रा में युवाओं के साथ शामिल हुए और यात्रा के समापन पर अंबेडकर चौक स्थित बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया और प्रीएम्बल वॉल पर अपने हस्ताक्षर करते हुए संविधान के प्रति निष्ठा जताई।

कार्यक्रम का आयोजन खेल एवं युवा कल्याण विभाग और नेहरू युवा केंद्र संगठन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर बाबा साहब को भारतीय लोकतंत्र का शिल्पकार बताते हुए कहा, “भारत का संविधान हर नागरिक के लिए एक पवित्र ग्रंथ है।” उन्होंने युवाओं से संविधान की रक्षा और लोकतंत्र को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बाबा साहब के जीवन से जुड़े पांच स्थलों को ‘पंचतीर्थ’ के रूप में विकसित करने और संविधान दिवस घोषित किए जाने का उल्लेख करते हुए इसे नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा, विधायक पुरंदर मिश्रा, खुशवंत साहेब, अनुज शर्मा, मोतीलाल साहू, युवा आयोग अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर, खेल सचिव हिमशिखर गुप्ता, और नगर निगम आयुक्त विश्वदीप सहित बड़ी संख्या में छात्र, युवा, और आमजन उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने इस दौरान समाज में उल्लेखनीय योगदान देने वाले युवाओं को मंच से सम्मानित भी किया।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading