दुर्ग, छत्तीसगढ़।
प्रदेश में लगातार बढ़ रहे अपराधों के खिलाफ कांग्रेस ने बड़ा कदम उठाने का निर्णय लिया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में 21 अप्रैल को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निवास का घेराव किया जाएगा। इस प्रदर्शन में रायपुर में हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता शामिल होंगे।

प्रदेश कांग्रेस के सचिव अय्यूब खान ने बताया कि हाल ही में दुर्ग शहर के उरला ओम नगर में 6 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुराचार और हत्या की दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे राज्य को झकझोर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद से छत्तीसगढ़ में अपराध बेलगाम हो गए हैं।

बलात्कार, हत्या, लूट और सड़क दुर्घटनाओं की घटनाएं रोजाना बढ़ती जा रही हैं। अय्यूब खान ने कहा कि इसका मुख्य कारण प्रशासन की ढीली पकड़ और राज्य में तेजी से फल-फूलता नशे का कारोबार है। शराब दुकानों की संख्या में वृद्धि, मेडिकल स्टोर्स से नशे की गोलियों की खुलेआम बिक्री और अवैध ड्रग्स की उपलब्धता ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है।

उन्होंने कहा कि दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में सूखा नशा आसानी से युवाओं तक पहुंच रहा है। युवा बिना डॉक्टर की पर्ची के दवाओं का नशे के रूप में सेवन कर रहे हैं, जिससे न केवल अपराध बढ़ रहे हैं बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में भी इजाफा हो रहा है।

अय्यूब खान ने दुख जताते हुए कहा कि कल तक छत्तीसगढ़ को शांतिपूर्ण राज्य के रूप में जाना जाता था, लेकिन अब इसे “अपराधगढ़” कहा जाने लगा है। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर सवाल उठते जा रहे हैं। प्रशासनिक व्यवस्था कमजोर पड़ चुकी है और अपराधियों में कानून का कोई डर नहीं बचा है।

NCRB (नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो) के आंकड़ों के अनुसार, छत्तीसगढ़ में अपराध दर अन्य राज्यों की तुलना में तेजी से बढ़ रही है। हर घंटे लूट, हत्या, बलात्कार और सड़क हादसों की खबरें सामने आ रही हैं।

प्रदेश कांग्रेस ने राज्य की इस गिरती कानून-व्यवस्था के विरोध में मोर्चा खोलते हुए 21 अप्रैल को मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने का निर्णय लिया है। दुर्ग-भिलाई से भी बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता इस प्रदर्शन में रायपुर पहुंचेंगे।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading