रायपुर, 26 अप्रैल 2025: आयुक्त चिकित्सा शिक्षा श्रीमती शिखा राजपूत तिवारी ने आज डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति चिकित्सालय का निरीक्षण किया और अस्पताल में मरीजों को प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। इस दौरान, उन्होंने अस्पताल के रजिस्ट्रेशन काउंटर, रेडियो डायग्नोसिस (एक्स-रे) विभाग, डीएसए ब्लॉक, स्त्री एवं प्रसूति रोग वार्ड, नियोनेटल केयर यूनिट (नर्सरी), एचडीयू वार्ड, कैंसर ओपीडी और कीमोथेरेपी कक्ष सहित प्रस्तावित एकीकृत 700 बिस्तरों वाले अस्पताल स्थल का निरीक्षण किया।

श्रीमती शिखा राजपूत तिवारी ने अस्पताल में विभिन्न विभागों में स्थापित चिकित्सा उपकरणों की स्थिति और उनकी कार्यक्षमता की समीक्षा की। इसके साथ ही उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों को प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं और भोजन व्यवस्था की भी जांच की। उन्होंने अस्पताल के किचन का निरीक्षण किया और किचन की स्वच्छता तथा भोजन की गुणवत्ता का जायजा लिया।

इस अवसर पर, उन्होंने अस्पताल के चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, टेक्नीशियनों और अन्य कर्मचारियों के रिक्त पदों की जानकारी ली और ऐसे विभागों में मानव संसाधन की कमी के संबंध में वैकल्पिक व्यवस्था की चर्चा की।

श्रीमती तिवारी ने कहा, “चिकित्सा एक अत्यंत आवश्यक सेवा है, और अस्पताल के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार प्रदान करने के प्रति पूरी तरह से प्रतिबद्ध रहना चाहिए।”

निरीक्षण के दौरान चिकित्सा महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. विवेक चौधरी और अम्बेडकर अस्पताल के अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading