रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज अपने निवास कार्यालय में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 121वें एपिसोड को सुना। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘मन की बात’ को जनजागरण और राष्ट्र निर्माण का एक सशक्त माध्यम बताते हुए कहा कि यह कार्यक्रम देशवासियों को सकारात्मक दिशा देने और जनभागीदारी बढ़ाने का अद्भुत मंच है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचार और संदेश आज पूरे देश के लिए प्रेरणा स्रोत बन चुके हैं। ‘मन की बात’ के माध्यम से देशभर में हो रहे नवाचारों, सामाजिक पहलों और सकारात्मक बदलावों की जानकारी आम जनता तक पहुंचती है, जिससे पूरे समाज में जागरूकता और ऊर्जा का संचार होता है।

मुख्यमंत्री ने विशेष खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में स्थापित विज्ञान केंद्र की विशेष रूप से सराहना की है। उन्होंने इसे प्रदेश के लिए गर्व की बात बताते हुए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ में कहा कि भारत का युवा विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जो क्षेत्र कभी पिछड़ेपन और हिंसा के लिए जाने जाते थे, वे अब नवाचार के केंद्र बनते जा रहे हैं। इसी क्रम में प्रधानमंत्री ने दंतेवाड़ा के विज्ञान केंद्र की प्रशंसा करते हुए कहा कि जहां कभी हिंसा और अशांति का साया था, वहां आज बच्चे विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में नए प्रयोग कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने बताया कि दंतेवाड़ा का विज्ञान केंद्र आज पूरे देश का ध्यान आकर्षित कर रहा है, जहां बच्चों को 3D प्रिंटर और रोबोटिक कार जैसे अत्याधुनिक तकनीकों से परिचित कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बच्चों का तकनीक के प्रति लगाव भारत के उज्ज्वल भविष्य की दिशा को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि दंतेवाड़ा का विज्ञान केंद्र अब वैज्ञानिक चेतना और नवाचार का केंद्र बनता जा रहा है, जो खासकर आदिवासी और ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को विज्ञान, तकनीक और नवाचार की दुनिया से जोड़ने का प्रेरक माध्यम बन चुका है। प्रधानमंत्री की सराहना केवल छत्तीसगढ़ ही नहीं, पूरे देश के लिए एक उत्साहवर्धक संकेत है।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading