धमधा/दुर्ग। भारतीय जनता पार्टी के दुर्ग जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक ने अपने अध्यक्षीय कार्यकाल की शुरुआत धमाकेदार तरीके से की है। संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती देने के उद्देश्य से उन्होंने धमधा, लिटिया बोरी और पटरी पार मंडलों का दौरा कर कार्यकर्ताओं में जोश भर दिया। हर मंडल में उनका भव्य स्वागत हुआ, फूल-मालाओं और पटाखों से कार्यकर्ताओं ने उन्हें सम्मानित किया।

पटरी पार मंडल की बैठक में सांसद विजय बघेल, विधायक गजेंद्र यादव, महापौर अलका बाघमार सहित कई दिग्गज नेता शामिल हुए। सांसद बघेल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, “छत्तीसगढ़ में ऐतिहासिक जीत का सिलसिला थमा नहीं है, अब हमारी जिम्मेदारी है कि इसे आगे भी बरकरार रखें। पार्टी आपको लगातार देख रही है—कल के नेता आप ही हैं।”

जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक ने कहा, “भारतीय जनता पार्टी पंच निष्ठा के आधार पर कार्य करती है और राष्ट्रवाद इसकी आत्मा है। आपके सहयोग से ही हमारी पार्टी पंच से पार्लियामेंट तक पहुंची है।”

उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में अपना योगदान दें। साथ ही ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ अभियान के समर्थन में जनचर्चा शुरू करने को कहा।

धमधा और लिटिया बोरी मंडलों की बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष पवन शर्मा, नगर पंचायत अध्यक्ष श्वेता अग्रवाल, मंडल अध्यक्ष लोकेंद्र ब्रह्म भट्ट समेत कई नेता मौजूद रहे। सभी ने कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा से निभाने का आग्रह किया।

विधायक गजेंद्र यादव ने कहा, “भाजपा की ताकत उसके कार्यकर्ता हैं। जब-जब चुनाव होते हैं, आचार संहिता से विकास रुकता है, इसलिए ‘वन नेशन वन इलेक्शन’ बेहद जरूरी है।”

महापौर अलका बाघमार ने कहा, “दुर्ग नगर निगम चुनाव में कार्यकर्ताओं ने जिस समर्पण के साथ ऐतिहासिक जीत दिलाई, वह हमारी शक्ति है। अब हमें जनता की हर समस्या को अपनी समस्या समझकर समाधान में जुटना होगा।”

संगठनात्मक बैठक में अरविंदर खुराना, रजनीश श्रीवास्तव, विनय महोबिया, नितेश साहू, रितेश शर्मा, उमा भारती साहू समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading