राजनांदगांव (छत्तीसगढ़)। मंगलवार की शाम डोंगरगढ़ रेलवे स्टेशन पर उस वक्त अफरातफरी मच गई जब सैन्य शक्ति का अद्भुत और रहस्यमयी प्रदर्शन देखने को मिला। रायपुर से नागपुर की ओर जा रही एक विशेष ट्रेन में गोला-बारूद, सैन्य वाहन, टैंक और भारी सैन्य सामग्री लदी हुई थी। ट्रेन को स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक और दो के बीच रोका गया। इसके साथ ही पूरे स्टेशन को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया।

सैन्य अधिकारियों की मौजूदगी में आम लोगों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित कर दी गई। तकरीबन एक घंटे तक यह ट्रेन स्टेशन पर खड़ी रही, इस दौरान डॉग स्क्वायड की टीम ने ट्रेन और उसके आसपास के क्षेत्रों की गहन जांच की। सुरक्षा के लिहाज से पूरे स्टेशन परिसर को सैनिटाइज किया गया और प्लेटफॉर्मों पर अतिरिक्त फोर्स तैनात कर सघन तलाशी अभियान चलाया गया।

इस अचानक हुई सैन्य हलचल से स्थानीय लोग हैरान रह गए। स्टेशन पर मौजूद लोगों में खासा कौतूहल देखने को मिला, हालांकि सेना की ओर से इस मूवमेंट को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं जारी किया गया है।

गौरतलब है कि हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद देशभर की सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। ऐसे में डोंगरगढ़ में हुआ यह सैन्य मूवमेंट किसी बड़ी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। सुरक्षा कारणों के चलते रेलवे प्रशासन और अन्य सुरक्षा एजेंसियां इस मामले पर चुप्पी साधे हुए हैं।

हालांकि जानकारों का मानना है कि यह तैयारी भारत की सुरक्षा रणनीति के तहत की जा रही है और आने वाले समय में देश अपने दुश्मनों को करारा जवाब दे सकता है। सैन्य गतिविधियों में आई यह तेजी एक बड़े एक्शन की ओर इशारा कर रही है।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading