रायपुर, 16 मई 2025। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के मानपुर विकासखंड के ग्राम सीतागांव में आयोजित समाधान शिविर में भाग लिया। इस अवसर पर उनके साथ उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री विजय शर्मा और मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध सिंह भी मौजूद रहे।

यह समाधान शिविर सुशासन तिहार 2025 के तृतीय चरण के अंतर्गत आयोजित किया गया था, जिसमें क्षेत्र की आठ ग्राम पंचायतों—सीतागांव, मदनवाड़ा, कारेकट्टा, हलांजुर, हुरेली, कंदाडी, कोहका और हलोरा—को क्लस्टर के रूप में शामिल किया गया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने शिविर में ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत जानी। उन्होंने कहा कि सरकार पारदर्शिता और जनभागीदारी के सिद्धांत पर कार्य कर रही है। उन्होंने जानकारी दी कि राज्य में अब तक 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 15,000 मकान विशेष रूप से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के लिए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की है और रजिस्ट्री के साथ नामांतरण की प्रक्रिया भी अब स्वतः पूर्ण हो रही है। हक त्याग की प्रक्रिया को भी महज 500 रुपये में सरल बनाया गया है। राज्य की 1460 ग्राम पंचायतों में अटल डिजिटल सेवा केंद्र स्थापित किए जा चुके हैं, जिन्हें अगले एक वर्ष में सभी पंचायतों तक विस्तारित किया जाएगा।

उन्होंने आदिवासी संस्कृति के संरक्षण हेतु नया रायपुर में स्थापित आदिवासी संग्रहालय का उल्लेख करते हुए बताया कि राज्य सरकार का लक्ष्य मार्च 2026 तक नक्सलवाद का पूर्ण उन्मूलन है।

घोषणाएं:

  • सीतागांव उप स्वास्थ्य केंद्र का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उन्नयन
  • मोहला में बस स्टैंड और छात्रावास का निर्माण
  • सीतापुर हाई स्कूल का हायर सेकेंडरी स्कूल में उन्नयन
  • अंबागढ़ चौकी में 132 केवी सब स्टेशन की स्थापना

इस अवसर पर हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत सामग्रियों का वितरण किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत ‘खुशियों की चाबी’, मत्स्य विभाग द्वारा जाल, खाद्य विभाग द्वारा राशन कार्ड वितरित किए गए। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत लाभांवित हितग्राहियों को सम्मानित किया गया और पेंशन योजना के तहत पात्र लोगों को लाभ प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री ने मेधावी छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया।

उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने समाधान शिविर में कहा कि सरकार जनता की समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए गंभीर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि नामांतरण और हक त्याग की प्रक्रिया में बड़े सुधार किए गए हैं, जिससे अब नागरिकों को बार-बार दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।

समाधान शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading