रायपुर, 16 मई 2025: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने बीजापुर जिला मुख्यालय में आयोजित एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु सतत निगरानी एवं समन्वय बनाए रखें। बैठक में मुख्य सचिव श्री अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध सिंह, पुलिस महानिदेशक श्री अरुण देव गौतम सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने बीजापुर जिले में भू-जल स्तर और पेयजल की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को दीर्घकालिक समाधान हेतु वैकल्पिक जलस्रोत विकसित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर द्वारा अवगत कराया गया कि मांग के अनुरूप नलकूपों की खुदाई करवाई गई है।

शिक्षा के क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने समर कैंप और ‘बाल शिक्षा मित्र’ जैसे नवाचारों की सराहना करते हुए उन्हें अधिक संगठित और परिणामोन्मुखी बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने ग्रामीण संपर्क को सुदृढ़ करने हेतु मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा योजना के अंतर्गत बस्तर और सरगुजा संभाग को प्राथमिकता देने की बात कही और बीजापुर-दंतेवाड़ा के कलेक्टरों को शीघ्र रूट चिन्हांकन कर प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए।

नक्सलवाद से प्रभावित क्षेत्रों में आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों के पुनर्वास, आवास और कौशल प्रशिक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी मुख्यमंत्री ने दिए। साथ ही, एनएमडीसी और निजी क्षेत्रों में रोजगार की संभावनाओं हेतु प्लेसमेंट कैंप आयोजित करने को कहा गया।

मुख्यमंत्री साय ने “सुशासन तिहार” के तीसरे चरण में स्वयं भागीदारी कर जमीनी सच्चाई का मूल्यांकन करने की बात कही और कहा कि बीते डेढ़ वर्षों में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अधिकतर वादे पूरे किए जा चुके हैं।

जनजातीय समुदाय की आर्थिक समृद्धि के लिए मुख्यमंत्री ने उन्हें उनकी परंपरा और प्रकृति के अनुरूप कार्यों से जोड़ने की रणनीति अपनाने पर बल दिया। उन्होंने बताया कि अनेक पंचायतों में अटल सेवा केंद्रों की स्थापना हो चुकी है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाएं अब आसानी से उपलब्ध हो रही हैं।

बैठक के समापन पर मुख्यमंत्री ने कहा कि केवल टीम भावना और आपसी समन्वय से ही प्रशासनिक और विकासात्मक लक्ष्यों को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने अधिकारियों से जनता के कल्याण हेतु समर्पित भावना से कार्य करने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading