रायपुर, 16 मई 2025:
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को राजनांदगांव जिला पंचायत सभागार में आयोजित सुशासन तिहार के अंतर्गत संयुक्त समीक्षा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे विकास कार्यों और जनसेवा के लिए नियमित भ्रमण करें तथा ग्रामीण क्षेत्रों में प्रवास सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर शासन की पहुंच बनाकर ही विकसित छत्तीसगढ़ के सपने को साकार किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने विशेष रूप से राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे राजस्व न्यायालयों का संचालन न्यायालय कैलेंडर के अनुसार समयबद्ध ढंग से करें। उन्होंने कहा कि केवल अत्यंत आवश्यक परिस्थितियों में ही न्यायालय स्थगित किए जाएं, जिससे आम नागरिकों को समय पर न्याय मिल सके और प्रशासनिक पारदर्शिता बनी रहे।

बैठक में मुख्यमंत्री ने तीन जिलों — राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई — के विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक समय पर पहुँचे और सभी लंबित मांगों का निराकरण प्राथमिकता के साथ किया जाए।

श्री साय ने स्वास्थ्य योजनाओं के प्रचार-प्रसार, प्रधानमंत्री आवास योजना की लंबित मांगों के समाधान, और राजस्व प्रकरणों के त्वरित निपटारे हेतु नियमित शिविर आयोजन के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सुशासन की नींव जनता से सीधे संवाद, पारदर्शिता और त्वरित समाधान पर टिकी होती है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 1460 अटल सेवा केंद्र शुरू किए जा चुके हैं, जिससे ग्रामीणों को बैंकिंग, दस्तावेज़ी और डिजिटल सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही मिल सकेंगी। उन्होंने इन केंद्रों के संचालन में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होने देने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि प्रदेश की सभी पंचायतों में तिरंगा यात्रा आयोजित की जाएगी, जिससे राष्ट्रीय चेतना और नागरिक सहभागिता को बल मिलेगा। मुख्यमंत्री ने सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि शासन की विश्वसनीयता तभी मजबूत होगी जब अधिकारी जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं का समाधान करें। खरीफ सीजन को देखते हुए किसानों के लिए खाद-बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी उन्होंने अधिकारियों को दिए।

बैठक में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा, सांसद श्री संतोष पांडेय, महापौर श्री मधुसूदन यादव, मुख्य सचिव श्री अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading