रायपुर, 20 मई 2025 – सरगुजा जिले के लुण्ड्रा विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम सिलसिला ढोढ़ा झरिया में मछली पालन के लिए बनाए गए एक गहरे और असुरक्षित गड्ढे में डूबने से दो मासूम बच्चों – सूरज गिरी और जुगनू गिरी – की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों बच्चे पांच वर्षीय और आपस में सगे चचेरे भाई थे।

इस हृदय विदारक घटना के बाद परिजनों ने आरोप लगाया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रघुनाथपुर में पदस्थ चिकित्सक ने पोस्टमार्टम के लिए प्रति शव 10-10 हजार रुपये की मांग की। पैसे नहीं देने पर शवों का पोस्टमार्टम नहीं किया गया। जब ग्रामीणों ने इसका विरोध किया और प्रशासन से शिकायत की, तब जाकर सोमवार को पोस्टमार्टम कराया गया।

मामला सामने आने के बाद कलेक्टर सरगुजा श्री विलास भोसकर ने कड़ी कार्रवाई करते हुए लुण्ड्रा के खंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) को निलंबित कर दिया। साथ ही, रघुनाथपुर पीएचसी में पदस्थ अनुबंधित चिकित्सक डॉ. अमन जायसवाल को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त कर दिया गया।

जांच में यह पाया गया कि डॉ. राघवेंद्र चौबे, खंड चिकित्सा अधिकारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धौरपुर, अपने अधीनस्थ कर्मचारियों पर प्रशासनिक नियंत्रण रखने में विफल रहे और उनके द्वारा कर्तव्य पालन में लापरवाही की गई। वहीं, डॉ. जायसवाल का आचरण भी सेवा नियमों के खिलाफ पाया गया।

कलेक्टर श्री भोसकर ने स्वयं रघुनाथपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने आरबीसी 6/4 के तहत 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि के चेक परिजनों को सौंपे।

इस मामले ने स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार और जवाबदेही की आवश्यकता को एक बार फिर उजागर कर दिया है।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading