रायपुर, 21 मई 2025। तेज हवाओं और आंधी के बीच आज एक हेलीकॉप्टर ने अचानक बलरामपुर-रामानुजगंज जिले की जनपद पंचायत शंकरगढ़ की ग्राम पंचायत हरगवां के ढोढरीकला, कोरवाटोली नवापारा में लैंड किया। हेलीकॉप्टर से मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के उतरते ही ग्रामीणों में उत्साह की लहर दौड़ गई। महिलाओं ने आरती और चौपाई गाकर पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने गांव के महुआ पेड़ के नीचे खटिया पर बैठकर ग्रामीणों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने डेढ़ साल में जो वादे किए थे, उन्हें निभाया गया है—चाहे वह धान खरीदी हो या प्रधानमंत्री आवास योजना। उन्होंने विश्वास दिलाया कि छत्तीसगढ़ विकास के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ता रहेगा

मुख्यमंत्री ने चौपाल में उपस्थित ग्रामीणों से सीधे बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। पानी और सड़क की समस्या को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने कलेक्टर श्री राजेंद्र कुमार कटारा को तुरंत निराकरण के निर्देश दिए। साथ ही, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत सड़कों को चिन्हित कर निर्माण शीघ्र शुरू करने का आदेश दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचे, इसके लिए शिविर लगाकर कार्य योजना बनाई जाए। जब उन्होंने मुस्कराते हुए ग्रामीणों से पूछा “जाई कि रही?”, तो ग्रामीणों ने भावुक होकर कहा “रुकिए, आपका आगमन हमारा सम्मान है।” इस आत्मीयता को देख मुख्यमंत्री रुके और सभी को पूरा समय दिया।

हरगवां ग्राम पंचायत में 100% आवेदन निपटान

सुशासन तिहार के अंतर्गत हरगवां ग्राम पंचायत में प्राप्त 111 आवेदनों का शत-प्रतिशत और गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया गया। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन की सक्रियता और जवाबदेही की सराहना करते हुए इसे सुशासन की पहचान बताया। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि प्रशासन अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और समस्याओं का समाधान मौके पर ही किया जाए।

मुख्यमंत्री की घोषणाएं

मुख्यमंत्री ने शिविर में निम्नलिखित विकास कार्यों की घोषणाएं कीं:

  • ₹10 लाख की लागत से सीसी रोड का निर्माण
  • सामुदायिक भवन का निर्माण
  • झीकी नाला में पुलिया निर्माण
  • हैंडपंप और बोरवेल की स्थापना

इस अवसर पर सामरी विधायक श्रीमती उद्धेश्वरी पैकरा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हीरामुनी निकुंज, मुख्य सचिव श्री अमिताभ जैन, प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री बैंकर वैभव रमनलाल, वनमंडलाधिकारी श्री आलोक कुमार बाजपेई, और जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर सहित कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीणजन मौजूद रहे।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading