रायपुर, 23 मई 2025
बीजापुर जिले के उसूर क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान अदम्य साहस का परिचय देते हुए शहीद हुए सीआरपीएफ कोबरा बटालियन के कांस्टेबल श्री सोलंकी मेहुल भाई नंदलाल को मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने माना स्थित चौथी वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल परिसर पहुंचकर शहीद के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित किए और उन्हें कंधा देकर अंतिम विदाई दी।

मुख्यमंत्री श्री साय ने शहीद के परिवारजनों से मुलाकात कर संवेदनाएं प्रकट की और ईश्वर से उन्हें इस कठिन समय में शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि कांस्टेबल मेहुल भाई की वीरता और देशभक्ति हमेशा स्मरणीय रहेगी। उन्होंने यह भी दोहराया कि नक्सलवाद के खिलाफ छेड़ी गई लड़ाई निर्णायक दौर में है और सरकार मार्च 2026 तक नक्सलवाद के समूल नाश का संकल्प पूरा करेगी।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि शहीद जवानों की कुर्बानी व्यर्थ नहीं जाएगी। सरकार उनके परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी। कांस्टेबल मेहुल सोलंकी का बलिदान राष्ट्र के प्रति समर्पण और वीरता की सर्वोच्च मिसाल है।

इस अवसर पर प्रदेश के गृह मंत्री श्री विजय शर्मा, विधायक श्री मोतीलाल साहू, विधायक श्री पुरन्दर मिश्रा, पुलिस महानिदेशक श्री अरुण देव गौतम सहित अनेक जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी एवं नागरिकगण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading