दुर्ग, 25 मई 2025:
राज्यपाल श्री रमेन डेका ने कहा कि छत्तीसगढ़ की मिट्टी में असीम संभावनाएं हैं, और यहां के युवा डॉक्टर, इंजीनियर, कलाकार, वैज्ञानिक व नेता बन सकते हैं, यदि उन्हें सही मार्गदर्शन और मंच मिले। वे भिलाई में आयोजित ‘माई एडु फेस्ट’ में 10वीं व 12वीं के विद्यार्थियों के लिए आयोजित कैरियर काउंसलिंग सेमिनार को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।

कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यपाल ने माता सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ किया। उन्होंने भिलाई को “शिक्षा की धानी” बताते हुए कहा कि यहां की संस्था और छात्रवृत्ति की परंपरा छत्तीसगढ़ को शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी बना सकती है।

राज्यपाल डेका ने छात्रों से कहा, “आज आप जीवन के उस मोड़ पर हैं जहां से आपका भविष्य तय होता है। यह केवल परीक्षा पास करने का समय नहीं, बल्कि अपने सपनों को दिशा देने का समय है।” उन्होंने माई एडु फेस्ट को केवल एक शैक्षणिक मेला नहीं, बल्कि छात्रों की प्रतिभा पहचानने और विभिन्न करियर विकल्पों को समझने का प्लेटफॉर्म बताया।

राज्यपाल ने कहा, “डिग्री नहीं, दिशा देती है आज की शिक्षा। पढ़ाई का उद्देश्य केवल नंबर लाना नहीं, बल्कि एक अच्छा नागरिक और संवेदनशील इंसान बनना है।” उन्होंने छात्रों को डरने नहीं, प्रश्न पूछने, समझने और आत्म-निर्णय लेने की सलाह दी।

राज्यपाल ने अभिभावकों से भी अपील की कि वे बच्चों के सपनों को समझें और उन्हें उनकी रुचि के अनुसार सही करियर चुनने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि यदि छात्र ईमानदारी और मेहनत के साथ कार्य करें तो सफलता निश्चित है।

इस अवसर पर राज्यपाल ने विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभावान विद्यार्थियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन, दुर्ग शहर विधायक गजेंद्र यादव, कलेक्टर अभिजीत सिंह, एसएसपी विजय अग्रवाल, माई एडु फेस्ट के आयोजक वेदांतु, चौहान ग्रुप के पदाधिकारी, शिक्षाविद आई.पी. मिश्रा एवं नगर के गणमान्य नागरिक, विद्यार्थी एवं अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading