नई दिल्ली, 26 मई 2025 – छत्तीसगढ़ को औद्योगिक दृष्टि से एक और बड़ी उपलब्धि मिली है। इलेक्ट्रिकल उपकरण क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनी करमवीर इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड ने रायपुर में अत्याधुनिक ट्रांसफॉर्मर निर्माण इकाई स्थापित करने के लिए 300 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश का प्रस्ताव दिया है। इस परियोजना के पूरा होने पर छत्तीसगढ़ देश के सबसे बड़े ट्रांसफॉर्मर निर्माण केंद्रों में से एक बन जाएगा।

इस अवसर पर कंपनी के प्रबंध निदेशक विवेक जैन ने नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ सदन में मुख्यमंत्री विश्व देव साय से मुलाकात की। बैठक में प्रस्तावित परियोजना की रूपरेखा, निवेश की संभावनाओं और रोजगार सृजन के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। विवेक जैन ने कहा कि यह इकाई तकनीकी दृष्टिकोण से देश की सबसे उन्नत ट्रांसफॉर्मर निर्माण इकाई होगी, जो भविष्य में ऊर्जा क्षेत्र की आवश्यकताओं को पूरा करने में मील का पत्थर साबित होगी।

मुख्यमंत्री ने इस प्रस्ताव का स्वागत करते हुए कहा, “हमारा लक्ष्य है कि छत्तीसगढ़ विकसित भारत 2047 के निर्माण में एक मजबूत स्तंभ बने। यह निवेश केवल एक औद्योगिक इकाई नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की तकनीकी क्षमता और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक ठोस कदम है। राज्य सरकार इस परियोजना को हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी।”

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव सुबोध सिंह और नई दिल्ली में छत्तीसगढ़ की निवेश आयुक्त ऋतु सेन भी उपस्थित थीं।

इस परियोजना से राज्य में ऊर्जा क्षेत्र का आधुनिकीकरण, स्थानीय युवाओं को रोजगार, और उद्योग-आधारित विकास को गति मिलेगी। यह पहल “मेक इन छत्तीसगढ़” के नारे को मजबूती देती है, जहां अब अत्याधुनिक तकनीक से बने ट्रांसफॉर्मर पूरे देश को रोशन करेंगे।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading