रायपुर, 26 मई 2025 – छत्तीसगढ़ की डिजिटल दुनिया में एक क्रांतिकारी बदलाव की शुरुआत होने जा रही है। देश की अग्रणी टेक्नोलॉजी कंपनी ESDS सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन लिमिटेड ने रायपुर में अत्याधुनिक कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित डेटा सेंटर स्थापित करने के लिए 600 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश का प्रस्ताव रखा है।
नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ सदन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात के दौरान ESDS के चेयरमैन पियूष सोमानी और उपाध्यक्ष लोकेश शर्मा ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना का प्रस्ताव प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि यह डेटा सेंटर न केवल छत्तीसगढ़ की डिजिटल परिवर्तन यात्रा को गति देगा, बल्कि पूरे भारत में एआई और क्लाउड सेवाओं के लिए एक मजबूत आधार तैयार करेगा।
मुख्यमंत्री ने इस प्रस्ताव का स्वागत करते हुए कहा, “यह निवेश छत्तीसगढ़ में डिजिटल इंडिया के सपने को साकार करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। राज्य सरकार इस परियोजना के समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करेगी।”
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव सुबोध सिंह और नई दिल्ली में छत्तीसगढ़ की निवेश आयुक्त ऋतु सेन भी मौजूद थीं।
ESDS की यह पहल छत्तीसगढ़ को एक तकनीकी हब के रूप में स्थापित करेगी, जिससे युवाओं के लिए उन्नत रोजगार के अवसर पैदा होंगे और राज्य के आईटी इकोसिस्टम को मजबूती मिलेगी। यह कदम डिजिटल आत्मनिर्भरता और समावेशी विकास की दिशा में एक बड़ा प्रयास माना जा रहा है।




Leave a Reply