रायपुर, 26 मई 2025।
कभी माओवादियों के प्रभाव वाला इलाका रहा पामेड़ अब विकास और विश्वास की नई पहचान बन रहा है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज बीजापुर जिले के इस सुदूरवर्ती क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक की नई शाखा का शुभारंभ करते हुए कहा कि अब यहां के लोगों को बैंकिंग सेवाओं के लिए 100 किलोमीटर दूर नहीं जाना पड़ेगा। यह क्षेत्र अब आत्मविश्वास, लोकतंत्र और समावेशी विकास का प्रतीक बन रहा है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने बताया कि इस बैंक शाखा से पामेड़ और आसपास के 50 गांवों को लाभ मिलेगा। यहां अब खाता खोलना, राशि निकालना और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेना सरल होगा। उन्होंने माताओं और बहनों को विशेष रूप से आश्वस्त करते हुए कहा कि अब महतारी वंदन योजना की राशि प्राप्त करने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पामेड़ में 1.62 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 50-सीटर आदिवासी कन्या आश्रम का लोकार्पण भी किया। उन्होंने कहा कि यह आश्रम बस्तर की बेटियों को शिक्षा और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने में मदद करेगा और क्षेत्र को नया नेतृत्व प्रदान करेगा।

मुख्यमंत्री श्री साय ने पामेड़ में पोषण पुनर्वास केंद्र (NRC) की स्थापना की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि अब कुपोषित बच्चों को इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और उन्हें समय पर बेहतर पोषण व स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी।

उन्होंने कहा कि पामेड़ को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए तालपेरू नदी पर धर्मावरम ब्रिज का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। इस पुल के बनने से तेलंगाना के चेरला होकर 200 किलोमीटर लंबा सफर करने की जरूरत नहीं होगी। यह पुल क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास का प्रमुख केंद्र बनेगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पामेड़ से बीजापुर के बीच सीधी बस सेवा भी प्रारंभ कर दी गई है, जिससे आम लोगों की आवाजाही सरल हो गई है। अब लोग सुबह जाकर शाम को लौट सकते हैं, जिससे व्यापार और सेवाओं में भी तेजी आई है।

इस अवसर पर ‘सुशासन तिहार’ के तहत समाधान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल हमारी शासन प्रणाली को जन-जन तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। इस मौके पर पूर्व मंत्री श्री महेश गागड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती जानकी कोरसा, कलेक्टर श्री संबित मिश्रा, पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव और अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading