रिसाली, 27 मई 2025
रिसाली नगर निगम क्षेत्र में 32 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के बंद होने पर आम आदमी पार्टी (AAP) ने शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। पार्टी नेताओं ने इसे सुरक्षा में लापरवाही और संभावित भ्रष्टाचार का मामला बताते हुए नगर निगम आयुक्त से कैमरों की तत्काल मरम्मत और मेंटेनेंस की मांग की है।

प्रदेश संगठन मंत्री एवं दुर्ग संभाग प्रभारी संजीत विश्वकर्मा ने कहा कि महिलाओं, बच्चों और आम जनता की सुरक्षा के उद्देश्य से लगाए गए ये कैमरे जनता के पैसे से स्थापित किए गए थे, लेकिन पिछले एक वर्ष से बंद पड़े हैं। यह स्थिति सरकार की नीयत और कार्यशैली पर सवाल खड़े करती है।

प्रदेश संयुक्त सचिव देविन्दर सिंह भाटिया ने कहा कि सिर्फ कैमरे लगाना काफी नहीं है, बल्कि उनकी तकनीकी गुणवत्ता और निगरानी प्रणाली भी सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने सुझाव दिए कि कैमरों में HD/4K रिजोल्यूशन, नाइट विज़न, 360 डिग्री PTZ फीचर, मोशन डिटेक्शन, रीयल-टाइम लाइव फीड, और बैकअप पावर सिस्टम जैसी सुविधाएं होनी चाहिए। साथ ही क्लाउड स्टोरेज की व्यवस्था भी आवश्यक है, ताकि पुराने फुटेज सुरक्षित रह सकें।

दुर्ग लोकसभा अध्यक्ष गीतेश्वरी बघेल ने बताया कि रिसाली क्षेत्र में अवैध गतिविधियाँ और दुर्घटनाओं की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिन पर नजर रखने और नियंत्रण के लिए सक्रिय सीसीटीवी नेटवर्क अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्वों पर लगाम लगाने में बंद कैमरे कोई मदद नहीं कर सकते।

आम आदमी पार्टी की टीम ने जब नगर निगम आयुक्त से कार्यालय में मुलाकात नहीं हो पाई, तो वे डुन्डेरा जाकर उनसे मिले। बातचीत में आयुक्त ने बताया कि कैमरों का टेंडर समाप्त हो चुका है, और कई स्थानों से वायर चोरी की घटनाएं भी सामने आई हैं। पार्टी नेताओं ने इस पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि शासकीय संपत्ति की सुरक्षा और जनता की निगरानी व्यवस्था को लेकर प्रशासन की गंभीरता पर सवाल उठते हैं।

पार्टी ने इस मुद्दे को तत्काल सुलझाने की मांग की है और चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो जनहित में आंदोलन किया जाएगा।

इस प्रतिनिधिमंडल में संजीत विश्वकर्मा, देविन्दर सिंह भाटिया, गीतेश्वरी बघेल, ज्ञान प्रकाश तिवारी, शिवा रायडु सहित कई पार्टी कार्यकर्ता शामिल रहे।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading