रायपुर, 1 जून 2025।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा है कि चन्द्रनाहू कुर्मी क्षत्रीय समाज का इतिहास गौरवशाली रहा है और आज भी यह समाज छत्तीसगढ़ के विकास में एक मजबूत आधार स्तंभ के रूप में कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि समाज में छत्रपति शिवाजी महाराज और सरदार वल्लभभाई पटेल जैसी महान विभूतियाँ हुई हैं, जिन्होंने देश और समाज के निर्माण में अहम योगदान दिया।

मुख्यमंत्री श्री साय दुर्ग जिले के ग्राम कोलिहापुरी में आयोजित चन्द्रनाहू कुर्मी क्षत्रीय समाज के केन्द्रीय महाधिवेशन को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा, विधायक श्री अजय चन्द्राकर, श्री गजेन्द्र यादव, श्री ललित चन्द्राकर और बीज विकास निगम के अध्यक्ष श्री चन्द्रहास चन्द्राकर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ का चन्द्रनाहू कुर्मी समाज मेहनत, स्वाभिमान और कृषि प्रधान जीवनशैली का प्रतीक है। अधिकांश लोग किसान हैं और सरकार उनकी खुशहाली के लिए लगातार प्रयासरत है। ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ के तहत प्रदेश के किसानों को वैज्ञानिक तकनीकों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। 100 वैज्ञानिकों की टीमें किसानों से सीधे संवाद कर रही हैं।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी के अनुसार किसानों को 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है। बीते खरीफ सीजन में 149 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी कर रिकॉर्ड बनाया गया है। सिंचाई, पशुपालन, मत्स्य पालन और दुग्ध उत्पादन को भी प्राथमिकता दी जा रही है। दंतेवाड़ा में मिलेट्स की प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश की औद्योगिक नीति, शिक्षा, डिजिटल व्यवस्था और महिला सशक्तिकरण पर भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महतारी वंदना योजना के तहत 70 लाख महिलाओं को ₹1000 मासिक सहायता दी जा रही है। रामलला दर्शन योजना, सुशासन तिहार और तीर्थयात्रा योजना जैसे कार्यक्रमों से जनता को सीधा लाभ मिल रहा है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि चन्द्रनाहू कुर्मी समाज न केवल खेती-बाड़ी और व्यापार में अग्रणी है, बल्कि शिक्षा और संगठन में भी सशक्त है। उन्होंने सामाजिक संगठनों से अपील की कि वे एक विकसित छत्तीसगढ़ की परिकल्पना को साकार करने में योगदान दें।

कार्यक्रम को राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा, विधायक श्री अजय चन्द्राकर, श्री ललित चन्द्राकर और श्री चन्द्रहास चन्द्राकर ने भी संबोधित किया। समाज के प्रदेश अध्यक्ष श्री विनोद चन्द्राकर ने स्वागत भाषण में महाधिवेशन के उद्देश्यों की जानकारी दी। इस अवसर पर समाज के पदाधिकारीगण और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading