रायपुर, 02 जून 2025: छत्तीसगढ़ के सहकारिता मंत्री श्री केदार कश्यप ने आज रायपुर स्थित महानदी मंत्रालय भवन में सहकारिता विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर राज्य में रासायनिक उर्वरकों की आपूर्ति, भंडारण और वितरण की स्थिति की गहन समीक्षा की। बैठक में खरीफ सीजन 2025 के लिए उर्वरक और ऋण वितरण की प्रगति की विस्तृत जानकारी दी गई।

मंत्री श्री कश्यप ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को समय पर और आसानी से खाद उपलब्ध कराना सहकारी समितियों की प्रमुख जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसानों को उर्वरक के लिए भटकना न पड़े और निजी दुकानों में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी न हो, इस पर कड़ी निगरानी रखी जाए।

डीएपी के विकल्प पर जागरूकता की जरूरत

मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि किसानों को डाई-अमोनियम फॉस्फेट (DAP) के विकल्प के रूप में अन्य उर्वरकों के उपयोग के लिए जागरूक किया जाना चाहिए ताकि जरूरत की पूर्ति हो सके और कालाबाजारी पर नियंत्रण रखा जा सके। उन्होंने चेतावनी दी कि उर्वरकों की कालाबाजारी या निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

खरीफ 2025: भंडारण और वितरण की स्थिति

बैठक में जानकारी दी गई कि खरीफ सीजन 2025 के लिए 10.72 लाख मीट्रिक टन उर्वरक आपूर्ति का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें से 4.10 लाख मीट्रिक टन का भंडारण (38.23%) हो चुका है।
अब तक किसानों को 1.57 लाख मीट्रिक टन खाद वितरित किया जा चुका है, जबकि सहकारी समितियों के पास वर्तमान में 2.52 लाख मीट्रिक टन उर्वरक उपलब्ध है।

हर ग्राम पंचायत में सहकारी समिति गठन के निर्देश

राज्य की 8611 सहकारी समिति विहीन ग्राम पंचायतों की पहचान की जा चुकी है। मंत्री श्री कश्यप ने प्रत्येक ग्राम पंचायत में सहकारी समितियों के गठन के निर्देश देते हुए कहा कि “सहकारिता से समृद्धि” के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए यह जरूरी है।

इस वर्ष 1175 दुग्ध, 120 मत्स्य तथा 532 पैक्स समितियों के गठन का लक्ष्य रखा गया है। वर्तमान में राज्य में 2058 पैक्स, 1958 मत्स्य, 1009 दुग्ध और 1055 लघु वनोपज समितियां कार्यरत हैं।

ऋण वितरण में हुई प्रगति

बैठक में खरीफ 2025 के लिए 7800 करोड़ रुपये के ऋण वितरण लक्ष्य की भी समीक्षा की गई। अब तक 4.90 लाख किसानों को 2441 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया जा चुका है। मंत्री ने निर्देश दिए कि 30 जून तक सभी सहकारी समितियों का ऑडिट कार्य पूरा कर लिया जाए।

उपस्थित अधिकारी

बैठक में सहकारिता विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री सुब्रत साहू, सचिव श्री सी.आर. प्रसन्ना, मार्कफेड एमडी श्रीमती किरण कौशल, कृषि संचालक श्री राहुल देव, अपेक्स एमडी श्री के.एन. काण्डे सहित सभी संभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading