बेमेतरा, 2 जून 2025: छत्तीसगढ़ सरकार की जनहितैषी योजनाओं की श्रृंखला में आज बेमेतरा जिले के ग्राम भंसुली (नवागढ़ विधानसभा क्षेत्र) में आयोजित ‘चावल उत्सव’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के खाद्य मंत्री श्री दयालदास बघेल ने माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।

अपने उद्बोधन में मंत्री श्री बघेल ने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि “कोई भी नागरिक भूखा न सोए”, और यह चावल वितरण कार्यक्रम इस संकल्प को साकार करने की दिशा में एक मजबूत कदम है। उन्होंने बताया कि जून, जुलाई और अगस्त के तीन माह का चावल एकसाथ आवंटित किया गया है, जिससे राशन कार्डधारियों को अपनी सुविधा के अनुसार एक या तीन माह का चावल लेने की छूट दी गई है।

कार्यक्रम के दौरान इच्छुक पात्र लाभार्थियों को तीन माह का एकमुश्त राशन प्रदान किया गया और योजना से जुड़ी जानकारी साझा की गई। मंत्री ने बताया कि शक्कर, नमक, चना और गुड़ जैसी अन्य राशन सामग्रियों का वितरण नागरिक आपूर्ति निगम के उपलब्ध स्टॉक के अनुसार प्रत्येक माह पृथक रूप से किया जाएगा।

राशन वितरण की पारदर्शिता और प्रभावशीलता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक उचित मूल्य की दुकान पर एक नोडल अधिकारी की नियुक्ति की गई है, जो सामग्री के भंडारण, समय पर वितरण और सत्यापन की जिम्मेदारी निभाएंगे।

इस योजना की सराहना करते हुए ग्रामीणों ने राज्य सरकार के प्रति आभार प्रकट किया और कहा कि यह योजना ग्रामीण जनों के लिए अत्यंत लाभकारी और राहतदायक सिद्ध हो रही है। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष श्रीमती हेमा दिवाकर, श्री अजय साहू, स्थानीय पंच, सरपंच, जनप्रतिनिधिगण, खाद्य विभाग के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading