रायपुर, 02 जून 2025: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आज एक विशेष अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने IBC24 के नवीन हाईटेक स्टूडियो का भव्य शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि एक मीडिया संस्थान का वर्षों तक विश्वसनीयता के साथ समाचार देना एक बड़ी उपलब्धि है, और IBC24 ने इस जिम्मेदारी को बखूबी निभाया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह स्टूडियो छत्तीसगढ़ को मीडिया के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाएगा। उन्होंने यह भी आग्रह किया कि राज्य और केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाई जाए।

इस कार्यक्रम में उपस्थित केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री श्री चिराग पासवान ने कहा कि आज के समय में तेज और सटीक समाचार देना सबसे बड़ी चुनौती है, और IBC24 इस दिशा में लगातार अग्रसर है।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य ने उद्योग, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे कई क्षेत्रों में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है, और अब मीडिया के क्षेत्र में भी छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय पटल पर दर्ज होगा।

समारोह को उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव, श्री विजय शर्मा और वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, राजस्व मंत्री श्री टंक राम वर्मा, विधायक अजय चंद्राकर, पुरंदर मिश्रा, संपत अग्रवाल, गोयल ग्रुप के चेयरमैन श्री सुरेश गोयल, डायरेक्टर राजेंद्र गोयल और IBC मीडिया एडिटर श्री रविकांत मित्तल सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

यह आयोजन छत्तीसगढ़ में मीडिया इंफ्रास्ट्रक्चर के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना जा रहा है।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading