रायपुर, 3 जून 2025 — बेमेतरा जिले के साजा विकासखंड अंतर्गत ग्राम बरगढ़ा में आयोजित विकसित कृषि संकल्प अभियान कार्यक्रम में कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री श्री रामविचार नेताम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान किसानों को संबोधित करते हुए तीन सहकारी समितियों में भवन निर्माण और सात समितियों में चबूतरा निर्माण की घोषणा की।

कार्यक्रम में विधायक श्री ईश्वर साहू, कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा, कृषि विभाग के उपसंचालक श्री मोरध्वज, पूर्व संसदीय सचिव श्री लाभचंद बाफना, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री जितेंद्र साहू सहित बड़ी संख्या में किसान, कृषि वैज्ञानिक और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

मंत्री श्री नेताम ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर 29 मई से 12 जून तक देशभर में विकसित कृषि संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों से जोड़ना, वैज्ञानिकों से सीधा संवाद स्थापित करना और उनकी समस्याओं का समाधान करना है।

उन्होंने सैगोना, खाती, कन्हेरा, भरदाकला, अकलवारा, घोटवानी और केहका में चबूतरे तथा नवागांवकला, कोंगियाखुर्द और गाड़ाडीह में सहकारी समिति भवनों के निर्माण की घोषणा की। इसके साथ ही किसानों को कृषि सामग्री का वितरण भी किया गया। मंत्री नेताम ने सभी किसानों को जल संरक्षण एवं संवर्धन की शपथ दिलाई।

विधायक श्री ईश्वर साहू ने कहा कि यह अभियान किसानों के लिए उन्नत तकनीकों और योजनाओं की जानकारी पाने का सुनहरा अवसर है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें और अपनी आय में वृद्धि कर सकें।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading