रायपुर, 04 मई 2025 – राजधानी रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित भव्य समारोह में छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड की नवनियुक्त अध्यक्ष श्रीमती शालिनी राजपूत ने अपने पद का ग्रहण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और उन्होंने हस्तशिल्पियों के कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के कोने-कोने में अद्भुत हस्तशिल्प कला देखने को मिलती है, जिसकी मांग देश-विदेश में है। उन्होंने कहा कि सरकार हस्तशिल्पियों को प्रशिक्षण, बाजार और उचित मूल्य दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस मौके पर हस्तशिल्पियों को औजार उपकरण योजना के तहत ₹5,000 की अनुदान राशि का वितरण भी किया गया।

उन्होंने कोंडागांव के डोकरा आर्ट, रायगढ़ के एकताल की धातु शिल्प, और जशपुर के कोटामपानी की कलाकृतियों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने इस बात पर बल दिया कि शिल्पकारों को बिचौलियों से मुक्त करते हुए सीधे बाजार से जोड़ना होगा ताकि उन्हें पूरा लाभ मिल सके।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ के गढ़बेंगाल निवासी पंडी राम मांझी को पद्मश्री से सम्मानित किया जाना पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने भी कलाकारों के हाथों में “चमत्कार” बताते हुए कहा कि चाहे मिट्टी के खिलौने हों या बेल मेटल, कसीदाकारी, गोदना और टेराकोटा – छत्तीसगढ़ के हस्तशिल्पी विश्वस्तरीय उत्पाद बना रहे हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि बड़े पैमाने पर उत्पादन के लिए डिजाइनरों को भी जोड़ा जाए।

कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, सांसद कमलेश जांगड़े, विधायक धरमलाल कौशिक, सुनील सोनी, आशाराम नेताम, गजेंद्र यादव और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading