रायपुर, 4 जून 2025पं. जवाहरलाल नेहरू स्मृति मेडिकल कॉलेज, रायपुर में लंबे समय से खाली पड़े विभिन्न विभागों के 150 से अधिक पदों पर संविदा भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो गई है। आज, 4 जून को इन पदों के लिए इंटरव्यू आयोजित किया जा रहा है। रिक्त पदों के चलते न केवल मेडिकल कॉलेज में पठन-पाठन प्रभावित हुआ है, बल्कि डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल में हार्ट सहित अन्य प्रमुख विभागों की चिकित्सा सेवाएं भी बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं।

इन पदों पर होगी संविदा भर्ती:

  • सहायक प्राध्यापक – 53 पद
  • सीनियर रेसीडेंट (नियमित) – 10 पद
  • सीनियर रेसीडेंट (संविदा) – 61 पद
  • प्रदर्शक – 3 पद
  • कार्डियो वस्कुलर एवं थोरेसिक सर्जरी विभाग हेतु
    • सहायक प्राध्यापक – 11 पद
    • सीनियर रेसीडेंट – 10 पद
  • जूनियर रिसर्च साइंटिस्ट – 1 पद
  • साइंटिफिक ऑफिसर – 1 पद

आरक्षण रोस्टर के अनुसार इन सभी पदों पर संविदा भर्ती की जा रही है।

कॉलेज प्रशासन का कहना है कि नियमित भर्ती लंबे समय से नहीं हो पाने के कारण वैकल्पिक रूप से संविदा पर डॉक्टर और चिकित्सा शिक्षकों की भर्ती की जा रही है। हालांकि, यह भी देखा गया है कि संविदा पर आने वाले डॉक्टर दो-तीन वर्षों में नौकरी छोड़कर प्राइवेट अस्पतालों या निजी प्रैक्टिस की ओर रुख कर लेते हैं। कम वेतन और भविष्य की अनिश्चितता के कारण ये संविदा पद ज्यादा समय तक टिकाऊ नहीं हो पाते।

चिंता का विषय यह है कि इन रिक्तियों का सीधा असर राज्य के सबसे बड़े सरकारी अस्पतालों में से एक अंबेडकर अस्पताल की कार्यक्षमता और आम जनता को मिलने वाली चिकित्सा सेवाओं पर पड़ता है। विशेषज्ञों की मानें तो स्थायी भर्ती ही इस संकट का स्थायी समाधान हो सकती है।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading