रायपुर, 05 जून 2025। छत्तीसगढ़ के युवाओं को खेलों के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं देने की दिशा में एक ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में 4 जून को महानदी भवन, नया रायपुर में आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में नवा रायपुर अटल नगर में राष्ट्रीय तीरंदाजी अकादमी की स्थापना के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की गई।

यह अकादमी देश की अग्रणी खेल संस्थानों में से एक होगी, जिसमें अत्याधुनिक प्रशिक्षण केंद्र, इनडोर व आउटडोर तीरंदाजी रेंज, उच्च प्रदर्शन केंद्र, खिलाड़ियों के लिए छात्रावास और कर्मचारियों के लिए आवासीय परिसर जैसी विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

अकादमी की स्थापना एनटीपीसी लिमिटेड के सहयोग से की जाएगी और इसके निर्माण की जिम्मेदारी नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण को सौंपी गई है। इस हेतु ग्राम परसदा, सेक्टर-03 में स्थित 13.47 एकड़ भूमि खेल एवं युवा कल्याण विभाग को निःशुल्क प्रदान की जाएगी। भूमि मूल्य, प्रीमियम, भू-भाटक और जीएसटी सहित कुल 39.22 करोड़ रुपए की प्रतिपूर्ति राज्य शासन द्वारा की जाएगी।

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने इस निर्णय को छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि यह केवल एक संस्थान की स्थापना नहीं, बल्कि राज्य के युवाओं के भविष्य निर्माण की दिशा में एक ठोस कदम है। उन्होंने कहा, “छत्तीसगढ़ में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, बस उन्हें सही मार्गदर्शन और मंच की जरूरत है। यह अकादमी युवाओं को ओलंपिक जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने में मददगार साबित होगी।”

निर्णय के अनुसार, भूमि आवंटन आदेश जारी होने के तीन महीने के भीतर लीज अनुबंध निष्पादित कर पंजीयन कराना होगा और अनुबंध की तारीख से एक वर्ष के भीतर निर्माण कार्य प्रारंभ कर तीन वर्षों में पूरा करना अनिवार्य होगा।

यह छत्तीसगढ़ में पहली बार होगा जब तीरंदाजी जैसे पारंपरिक और तकनीकी खेल के लिए इतनी बड़ी संरचना का निर्माण किया जा रहा है। इससे राज्य के आदिवासी अंचलों में छिपी हुई प्रतिभाओं को न केवल पहचान मिलेगी, बल्कि प्रदेश को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर एक नई पहचान भी मिलेगी।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading