रायपुर, 06 जून 2025/
छत्तीसगढ़ में शुक्रवार तक कोविड-19 के 50 मामलों की पुष्टि हुई है, लेकिन राज्य स्वास्थ्य विभाग और विशेषज्ञों ने आम नागरिकों से घबराने की बजाय सतर्क रहने की अपील की है। सभी संक्रमित मरीजों में हल्के लक्षण पाए गए हैं और किसी को अस्पताल में भर्ती कराने की आवश्यकता नहीं पड़ी है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, बुखार, सर्दी, खांसी और गले में खराश जैसे माइल्ड फ्लू जैसे लक्षण मरीजों में देखे गए हैं। अब तक 1,183 लोगों की जांच की गई है, जिनमें से 50 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सबसे अधिक 31 मरीज रायपुर और 12 मरीज बिलासपुर से सामने आए हैं।


स्वास्थ्य मंत्री ने दिए निर्देश, घबराएं नहीं – सावधान रहें

स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों (CMHO), सिविल सर्जनों और मेडिकल कॉलेज से जुड़े अस्पतालों को निर्देशित किया है कि वे समय पर सैंपल जांच, कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग और घर-घर सर्वेक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित करें।

सिर्फ गंभीर लक्षणों वाले मरीजों को ही अस्पतालों में रेफर किया जाए – यह स्पष्ट निर्देश भी जारी किया गया है।


कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग और सामुदायिक निगरानी जारी

स्वास्थ्य विभाग की टीमें संक्रमित मरीजों के संपर्क में आए व्यक्तियों की पहचान और जांच कर रही हैं। इसके साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में डोर-टू-डोर सर्वे किया जा रहा है ताकि किसी भी संभावित लक्षण वाले मरीज को जल्द चिन्हित किया जा सके।


“सतर्क रहें, भयभीत न हों”: विशेषज्ञों की सलाह

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के विशेषज्ञों के अनुसार, वर्तमान में फैल रहा कोविड वेरिएंट मौसमी फ्लू जैसा ही व्यवहार कर रहा है, और इससे घबराने की जरूरत नहीं है। छत्तीसगढ़ सरकार ने कोविड और मौसमी बीमारियों से निपटने के लिए सभी व्यवस्थाएं और संसाधन तैयार रखे हैं।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading