रायपुर, 7 जून 2025/
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने हाल ही में छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के विरुद्ध चलाए गए सफल अभियानों में अहम भूमिका निभाने वाले वरिष्ठ अधिकारियों से नई दिल्ली में भेंट कर उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा भी उपस्थित थे।

अमित शाह ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा,

“हाल ही में नक्सलवाद के विरुद्ध चलाए गए अभियानों में अहम भूमिका निभाने वाले अधिकारियों से भेंट कर इन ऑपरेशंस की ऐतिहासिक सफलता पर उन्हें बधाई दी। इन अभियानों को अपनी बहादुरी से सफल बनाने वाले जवानों से भी मिलने के लिए उत्सुक हूँ और जल्द ही छत्तीसगढ़ आकर उनसे भेंट करूँगा। मोदी सरकार नक्सलवाद के दंश से भारत को मुक्त करने के लिए संकल्पित है।”

अबूझमाड़ में चला ऐतिहासिक अभियान

गृह मंत्री के निर्देशन में छत्तीसगढ़ पुलिस ने 18 से 21 मई 2025 तक अबूझमाड़ के अंदरूनी क्षेत्रों में जिला नारायणपुर, दंतेवाड़ा, कोण्डागांव और बीजापुर के डीआरजी बलों के साथ माओवादी विरोधी अभियान चलाया।
इस अभियान के दौरान ग्राम बोटेर के जंगलों में 21 मई को हुई मुठभेड़ में भाकपा (माओवादी) के महासचिव एवं पोलित ब्यूरो सदस्य बसवराजू उर्फ गगन्ना सहित 27 नक्सली मारे गए, और भारी मात्रा में हथियार व गोला-बारूद जब्त किए गए।

सम्मानित हुए वरिष्ठ अधिकारी

इस साहसिक अभियान में नेतृत्व करने वाले अधिकारियों को श्री अमित शाह ने विशेष रूप से सम्मानित किया। इन अधिकारियों में शामिल हैं:

  • श्री अरुण देव गौतम, पुलिस महानिदेशक, छत्तीसगढ़
  • श्री विवेकानंद, एडीजी (नक्सल विरोधी अभियान/एसआईबी/एसटीएफ)
  • श्री सुंदरराज, बस्तर रेंज के आईजी
  • श्री प्रभात कुमार, एसपी नारायणपुर
  • श्री जितेंद्र यादव, एसपी बीजापुर
  • श्री शलभ सिंह, एसपी बस्तर

सम्मान समारोह में केंद्रीय गृह सचिव श्री गोविंद मोहन, आसूचना ब्यूरो के निदेशक श्री तपन डेका समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

यह सम्मान और अभियान छत्तीसगढ़ को नक्सल मुक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा मील का पत्थर माना जा रहा है। गृह मंत्री के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर सुरक्षा बलों और अधिकारियों में उत्साह है।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading