रायपुर, 9 जून 2025।
छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के कोंटा क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा किए गए कायरतापूर्ण आईईडी विस्फोट में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) आकाश राव गिरपुंजे के शहीद होने की खबर से पूरे प्रदेश में शोक की लहर है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस दुःखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह हमला कायरता की पराकाष्ठा है और शहीद गिरपुंजे जी की शहादत को वह नमन करते हैं।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस विस्फोट में कुछ अन्य अधिकारी और जवान भी घायल हुए हैं, जिनके उपचार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा चुके हैं। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा, “छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खिलाफ हमारी सुरक्षा बलों की कार्रवाई लगातार सफल हो रही है, जिससे नक्सली बौखला गए हैं और इस तरह की कायराना हरकतें कर रहे हैं। लेकिन यह स्पष्ट है कि उन्हें इसका परिणाम भुगतना होगा। वह दिन अब दूर नहीं जब छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद का नामोनिशान मिट जाएगा।”

श्री साय ने शहीद एएसपी आकाश राव गिरपुंजे के परिजनों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि राज्य सरकार उनके साथ है और हर संभव सहायता प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि शहीद का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा और नक्सल उन्मूलन की दिशा में सरकार की कार्रवाई और तेज होगी।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading