रायपुर, 09 जून 2025।
छत्तीसगढ़ सरकार ने सीधी भर्ती 2023 के तहत नियुक्ति उपरांत सेवा समाप्त किए गए 2621 बी.एड. अर्हताधारी सहायक शिक्षकों को एक नई राह दी है। अब इन शिक्षकों का सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला) के पदों पर समायोजन किया जाएगा। इस संबंध में राज्य स्तरीय ओपन काउंसिलिंग की प्रक्रिया 17 जून से 26 जून तक एससीईआरटी परिसर, शंकर नगर, रायपुर में आयोजित की जाएगी।

स्कूल शिक्षा विभाग के अनुसार, 29 जिलों के 103 विकासखंडों की 1520 शालाओं में रिक्त 2621 पदों को समायोजन के लिए लिया गया है। हालांकि रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और जांजगीर जिलों को इस प्रक्रिया से बाहर रखा गया है। अधिसूचित क्षेत्रों में स्थित सेजेस विद्यालयों को भी इस काउंसिलिंग में शामिल किया गया है।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में 30 अप्रैल को आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में यह निर्णय लिया गया था कि बीएड योग्य सहायक शिक्षकों को पुनः अवसर प्रदान करते हुए उन्हें राज्य में रिक्त 4,422 प्रयोगशाला सहायक शिक्षक पदों में से गैर विज्ञापित पदों पर समायोजित किया जाएगा। साथ ही, कला/विज्ञान संकाय से 12वीं उत्तीर्ण सहायक शिक्षकों को निर्धारित योग्यता (12वीं गणित/विज्ञान) पूरी करने के लिए 3 वर्ष की छूट दी गई है।

इसके अलावा, चयनित शिक्षकों को एससीईआरटी के माध्यम से 2 माह का विशेष प्रयोगशाला प्रशिक्षण भी दिया जाएगा और OBC वर्ग के 355 लंबित अभ्यर्थियों के लिए सांख्येत्तर पदों का सृजन किया गया है।

📅 महत्वपूर्ण काउंसिलिंग समय-सारिणी:

  • 13 जून: काउंसिलिंग प्रक्रिया की सूचना का प्रकाशन
  • 16 जून: अभ्यर्थियों की सूची व शालाओं की सूची का प्रकाशन
  • 17 जून – 26 जून: ओपन काउंसिलिंग
  • 25 जून – 4 जुलाई: जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा नियुक्ति पत्र जारी
  • नियुक्ति आदेश के 7 दिन के भीतर: शाला में कार्यभार ग्रहण करना अनिवार्य

राज्य सरकार का यह कदम शिक्षा व्यवस्था को मजबूती देने के साथ-साथ योग्य लेकिन सेवा से वंचित शिक्षकों के लिए नई उम्मीद की किरण लेकर आया है।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading