रायपुर | 10 जून 2025
सुकमा जिले के कोंटा क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा किए गए कायरतापूर्ण आईईडी विस्फोट में शहीद हुए एएसपी आकाश राव गिरपुंजे को आज पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने माना स्थित चौथी वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल परिसर पहुंचकर शहीद के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और कंधा देकर उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी।

मुख्यमंत्री ने शहीद के परिजनों से मिलकर अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट कीं और इस कठिन समय में संवेदनात्मक समर्थन देते हुए कहा कि,

“शहीद एएसपी श्री आकाश राव गिरपुंजे ने अपने कर्तव्य के प्रति जो अदम्य साहस और समर्पण दिखाया है, वह अनुकरणीय है। उनका बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा।”

मुख्यमंत्री साय ने आगे कहा कि सुरक्षाबलों की लगातार सफल कार्रवाइयों से नक्सली बौखलाए हुए हैं और छत्तीसगढ़ सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ नक्सल चुनौती का सामना कर रही है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शहीद गिरपुंजे की वीरता और देशभक्ति को हमेशा याद रखा जाएगा।

इस भावुक क्षण में मुख्यमंत्री के साथ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, दोनों उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा और श्री अरुण साव, वन मंत्री श्री केदार कश्यप, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, विधायक श्री पुरन्दर मिश्रा, पुलिस महानिदेशक श्री अरुण देव गौतम, मुख्य सचिवगण, शहीद के परिजन तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading