रायपुर, 14 जून 2025

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज राजधानी रायपुर में दैनिक नवप्रदेश के 14वें स्थापना दिवस समारोह में भाग लिया और “राष्ट्रीय परिदृश्य में उभरता छत्तीसगढ़” विषय पर आयोजित संगोष्ठी को संबोधित करते हुए राज्य की प्रगति की झलक प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर तेज़ी से आर्थिक प्रगति कर रहा है। वर्ष 2014 में भारत जहाँ 10वीं अर्थव्यवस्था था, आज चौथे स्थान पर है और शीघ्र ही तीसरे स्थान पर पहुँचने की ओर अग्रसर है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ के लिए विकास विजन डॉक्यूमेंट और नई औद्योगिक नीति तैयार की गई है, जिससे राज्य में उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे में क्रांतिकारी बदलाव आ रहे हैं।

उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य की रजत जयंती के अवसर पर यह गर्व का विषय है कि प्रदेश में अब 15 मेडिकल कॉलेज, आईआईटी, आईआईएम, और नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी जैसे उच्च शिक्षा संस्थान कार्यरत हैं। साथ ही, 6.5 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनमें सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, और एनर्जी सेक्टर में कार्य प्रारंभ हो चुका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सरकारी नौकरियों के साथ-साथ स्किलिंग प्रोग्राम के माध्यम से युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार दिला रही है। बिस्पोक पॉलिसी जैसे प्रावधान युवाओं को सशक्त बना रहे हैं।

सिंचाई सुविधाओं के संदर्भ में उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री से बोधघाट परियोजना पर चर्चा हुई है, जिससे बस्तर क्षेत्र के किसान लाभान्वित होंगे। साथ ही, इंद्रावती-महानदी इंटरलिंकिंग परियोजना से सिंचाई रकबा बढ़कर 7 लाख हेक्टेयर तक पहुँच जाएगा। बस्तर आज गोलियों की नहीं, स्कूल की घंटियों की आवाज़ से गूंज रहा है। संयुक्त राष्ट्र द्वारा धूड़मारास को पर्यटन मान्यता मिलना इस क्षेत्र के विकास का प्रतीक है।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ ने पिछले 25 वर्षों में यह साबित किया है कि विकास संसाधनों और इच्छाशक्ति पर निर्भर करता है। उन्होंने बताया कि हाल ही में प्रधानमंत्री द्वारा उद्घाटित चिनाब पुल में भिलाई इस्पात संयंत्र का लोहा प्रयोग हुआ है, जो राज्य की औद्योगिक ताकत का उदाहरण है।

उन्होंने बताया कि राज्य में 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी, महतारी वंदन योजना के अंतर्गत 70 लाख महिलाओं को मासिक ₹1000 की सहायता, और ऊर्जा तथा स्टील क्षेत्र में विस्तार राज्य को नई ऊँचाइयों पर ले जा रहा है।

कार्यक्रम में पद्मश्री श्रीमती शमशाद बेगम, त्रयंबक शर्मा, नितेश छाबड़ा, जीवन एस साहू, और यशवंत राजवाड़े को सम्मानित किया गया। नवप्रदेश छात्रवृत्ति योजना 2025-26 के अंतर्गत हॉकर परिवारों के बच्चों को छात्रवृत्ति भी प्रदान की गई। वरिष्ठ पत्रकार पद्मश्री श्री आलोक मेहता ने वीडियो संदेश के माध्यम से बधाई दी।

समारोह में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, हरिभूमि के प्रधान संपादक हिमांशु द्विवेदी, रायपुर प्रेस क्लब अध्यक्ष प्रफुल्ल ठाकुर, एवं बड़ी संख्या में गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन नवप्रदेश के सम्पादक श्री यशवंत धोटे ने किया।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading