रायपुर, 14 जून 2025

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि अच्छा स्वास्थ्य ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। यदि हम संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण को अपनाएं, तो गंभीर बीमारियों से भी बचा जा सकता है। मुख्यमंत्री राजधानी रायपुर के केनाल रोड स्थित झूलेलाल धाम में आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर को संबोधित कर रहे थे। यह शिविर पूज्य बाबा गुरुदास राम साहेब जी की 94वीं जयंती के अवसर पर आयोजित किया गया था।

इस भव्य शिविर का आयोजन पूज्य शदाणी सेवा मंडल, पूज्य बाबा गरीबदास सेवा मंडल, पूज्य छत्तीसगढ़ सिंधी पंचायत, भारतीय सिंधु सभा, और पूज्य कंधकोट पंचायत द्वारा छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से किया गया। शिविर में नागरिकों ने बड़े उत्साह से भाग लिया, स्वास्थ्य जांच करवाई और आयुष्मान भारत कार्ड भी बनवाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के युग में अनियमित दिनचर्या, मिलावटी खानपान और प्रदूषण ने बीपी, डायबिटीज जैसी बीमारियों को आम बना दिया है, जिससे अब ग्रामीण क्षेत्र भी अछूते नहीं हैं। ऐसे में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन एक अत्यंत जनकल्याणकारी पहल है।

उन्होंने सिंधी समाज की सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि यह समाज प्रारंभ से ही सामाजिक कार्यों में अग्रणी रहा है। श्री साय ने यह भी स्मरण किया कि जब वे रायगढ़ से सांसद थे, तब से ही सिंधी समाज के विविध कार्यक्रमों में सहभागी रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य अपने रजत जयंती वर्ष में प्रवेश कर चुका है और स्वास्थ्य सहित हर क्षेत्र में विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। राज्य में अब 15 मेडिकल कॉलेज, सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, और सुदृढ़ स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किए गए हैं। साथ ही हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर भी प्रारंभ किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना के तहत गरीबों को 5 लाख रुपये तक निःशुल्क इलाज की सुविधा दी जा रही है। वहीं मुख्यमंत्री विशेष सहायता योजना के अंतर्गत गंभीर बीमारियों के इलाज हेतु 25 से 30 लाख रुपये तक की सहायता राज्य सरकार द्वारा दी जाती है। वय वंदन योजना के तहत 70 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों को भी इलाज हेतु 5 लाख रुपये तक की मदद दी जा रही है।

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री श्री साय ने शिविर के संयोजक श्री अमित चिमनानी और शिविर में सेवा देने वाले डॉक्टरों का सम्मान किया।

इस अवसर पर विधायक श्री गुरु खुशवंत साहेब, धमतरी महापौर श्री रामू रोहरा, राज्य बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा, भारतीय सिंधु सभा अध्यक्ष श्री लधाराम जी, छत्तीसगढ़ सिंधी पंचायत अध्यक्ष श्री महेश दरयानी, सेवा मंडलों के प्रतिनिधि, विशेषज्ञ डॉक्टर एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading