भिलाई, 15 जून 2025:
आज पुलिस कंट्रोल रूम, सेक्टर-06 भिलाई में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अभिषेक झा ने जिले के थानों और चौकियों में तैनात पेट्रोलिंग पार्टियों की बैठक ली। बैठक में अपराध नियंत्रण, टेक्नोलॉजी का बेहतर उपयोग और साइबर जागरूकता को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए।

त्रिनयन एप का सक्रिय उपयोग:

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पेट्रोलिंग पार्टियों को “त्रिनयन एप” का सक्रिय उपयोग करते हुए अपने क्षेत्र के सभी निजी और सरकारी सीसीटीवी कैमरों की जानकारी दर्ज करनी होगी। विशेष रूप से बैंक, स्कूल, अस्पताल, पेट्रोल पंप, मोबाइल टावर और अन्य महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थलों को प्राथमिकता दी जाए।

  • जिन कैमरों की एंट्री अब तक नहीं हुई है, उन्हें गूगल मैप के ज़रिए लोकेशन टैग करके तुरंत अपडेट किया जाए।

साइबर प्रहरी मिशन:

साइबर अपराध की रोकथाम और जन-जागरूकता के लिए सभी पेट्रोलिंग पार्टियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने क्षेत्र में “साइबर प्रहरी” ग्रुप बनाएं:

  • इन ग्रुप्स में स्थानीय नागरिक, दुकानदार, ऑटो चालक, विद्यार्थी और युवा को जोड़ा जाए।
  • ओटीपी फ्रॉड, सोशल मीडिया हैकिंग, बैंकिंग धोखाधड़ी जैसे मामलों से बचाव के उपाय साझा करें।
  • हेल्पलाइन नंबर 1930 और साइबर क्राइम पोर्टल www.cybercrime.gov.in की जानकारी भी साझा की जाए।

सशक्त एप का उपयोग:

चोरी, लावारिस या संदिग्ध वाहनों की पहचान के लिए “सशक्त एप” का उपयोग करते हुए वाहनों की जानकारी चेक करें और चोरीशुदा वाहन मिलने पर उसे तुरंत अपडेट किया जाए।

जनता से सीधा संपर्क:

पुलिस विभाग ने यह भी निर्णय लिया है कि हर पेट्रोलिंग पार्टी को एक अलग सरकारी CUG नंबर उपलब्ध कराया जाएगा। यह नंबर पेट्रोलिंग गाड़ी के चारों तरफ स्पष्ट रूप से लिखा जाएगा, ताकि जनता सीधे संबंधित गश्ती दल से संपर्क कर सके।

साप्ताहिक समीक्षा:

सभी थाना प्रभारियों को यह निर्देश दिया गया कि वे सुनिश्चित करें कि उनकी पेट्रोलिंग पार्टियां दिए गए निर्देशों का पूर्ण पालन कर रही हैं। इसकी साप्ताहिक समीक्षा भी की जाएगी।

यह पहल शहर में सुरक्षा, निगरानी और साइबर अपराध नियंत्रण के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading