रायपुर, 27 जून 2025। राजधानी रायपुर के गायत्री नगर स्थित जगन्नाथ मंदिर में आज महाप्रभु श्री जगन्नाथ की रथ यात्रा महोत्सव पूरे भव्यता और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर राज्यपाल श्री रमेन डेका, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं राज्य की प्रथम महिला श्रीमती रानी डेका काकोटी उपस्थित रहीं। सभी विशिष्ट अतिथियों ने विधिपूर्वक भगवान श्री जगन्नाथ की पूजा-अर्चना कर प्रसिद्ध ‘छेरापहरा’ की रस्म निभाई।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने रथ यात्रा का शुभारंभ करते हुए सोने की झाड़ू से मार्ग को स्वच्छ किया और भगवान जगन्नाथ की प्रतिमा को रथ तक ले जाकर विराजित किया। उन्होंने कहा कि यह उत्सव न केवल ओडिशा बल्कि छत्तीसगढ़ के लिए भी उतना ही महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को रथ यात्रा की शुभकामनाएं देते हुए भगवान से छत्तीसगढ़ में समृद्धि और अच्छी वर्षा की प्रार्थना की।

रथ यात्रा से पूर्व भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की प्रतिमाओं को विशेष विधि-विधान के साथ रथ तक लाया गया। मंदिर परिसर में भगवान के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। रथ यात्रा का आयोजन पुरी की तर्ज पर पारंपरिक परंपराओं के अनुसार किया गया।

मंदिर के पुजारी और स्थानीय विद्वानों ने बताया कि छत्तीसगढ़ और ओडिशा की सांस्कृतिक साझेदारी इस आयोजन में स्पष्ट रूप से देखने को मिलती है। ऐसी मान्यता है कि भगवान जगन्नाथ का मूल स्थान छत्तीसगढ़ के शिवरीनारायण तीर्थ में है, जहां त्रेता युग में भगवान राम ने माता शबरी के जूठे बेर खाए थे। इसी स्थल पर आज नर-नारायण का भव्य मंदिर स्थित है।

इस मौके पर राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा, सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, विधायक श्री पुरंदर मिश्रा, श्री धर्मलाल कौशिक समेत अनेक गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading