रायपुर, 28 जून 2025: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने शनिवार को जशपुर जिले के कांसाबेल विकासखंड के बगिया हाई स्कूल में संपर्क स्मार्ट स्कूल और स्मार्ट ब्लॉक कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इस मौके पर जिले के 50 प्राथमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को संपर्क स्मार्ट किट और संपर्क टीवी डिवाइस का वितरण भी किया गया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री साय के साथ जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय, जनपद अध्यक्ष श्रीमती सुशीला साय, आईजी दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, एसएसपी शशि मोहन सिंह, संपर्क फाउंडेशन के नेशनल मैनेजर प्रदीप राणा, तथा बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्र एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बगिया स्कूल से शुरू हुई मुख्यमंत्री की शिक्षा यात्रा

मुख्यमंत्री ने भावुक अंदाज में अपने बचपन की स्मृतियों को साझा करते हुए बताया कि उन्होंने कक्षा पहली से पांचवीं तक की पढ़ाई बगिया प्राथमिक विद्यालय से की थी, जो कभी खपरैल भवन में चलता था और बरसात में पानी टपकता था। उन्होंने प्रसन्नता जताई कि 50 वर्षों बाद वही स्कूल संपर्क स्मार्ट स्कूल के रूप में संपूर्ण रूप से विकसित हो गया है।

संपर्क फाउंडेशन की भूमिका सराहनीय

मुख्यमंत्री साय ने संपर्क फाउंडेशन की पहल को शिक्षा के क्षेत्र में क्रांतिकारी बताया। उन्होंने कहा कि यह संस्था खेल-खेल में शिक्षा को सरल बनाने के लिए अंग्रेजी व गणित की किट तथा टीवी डिवाइस प्रदान कर रही है। उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान जैसे राज्यों में सफलता के बाद यह कार्यक्रम अब जशपुर के 50 स्कूलों में लागू किया जा रहा है।

उत्कृष्ट परीक्षा परिणामों से जशपुर को मिली पहचान

मुख्यमंत्री ने जिले की परीक्षा उपलब्धियों पर गर्व जताते हुए बताया कि 10वीं और 12वीं कक्षा में 94% से अधिक छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण हुए हैं। वहीं, कक्षा 5वीं में 99.5% और कक्षा 8वीं में 97.3% परिणाम दर्ज कर जशपुर ने राज्य में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है।

नई तकनीक से जुड़ रहा है जिला शिक्षा तंत्र

जिले में शिक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के लिए ISRO, IIT जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ मिलकर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। दैनिक उपस्थिति ऐप, दैनंदिनी मॉनिटरिंग, और युक्तियुक्तकरण जैसे तकनीकी उपायों से शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने आशा जताई कि यह नवाचार न केवल बच्चों की झिझक दूर करेगा, बल्कि उन्हें आत्मविश्वास के साथ सीखने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने सभी प्रधान पाठकों से इन संसाधनों के प्रभावी उपयोग की अपील की।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading