कांकेर, 3 जुलाई 2025
छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में तेंदुए के हमलों ने हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के लोगों को दहशत में डाल दिया है। बीते एक सप्ताह से तेंदुए की लगातार मौजूदगी और हमलों ने 300 घरों में रहने वाले 700 से अधिक लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी ठप कर दी है। लोग अपने दरवाजे बंद कर घरों में कैद हो गए हैं, और बच्चों को स्कूल भेजने से भी कतरा रहे हैं।

मंगलवार को तेंदुआ कॉलोनी की दीवार फांद कर एक गाय के बछड़े का शिकार कर गया, जिसकी वीडियो फुटेज सामने आने के बाद डर और भी बढ़ गया है। लोगों का कहना है कि तेंदुआ पहले 22 जून को कॉलोनी में देखा गया था, और तब से वह लगातार कभी सुबह तो कभी रात को नजर आ रहा है।

4ThNation की टीम जब रात में कॉलोनी पहुंची, तो गलियों में सन्नाटा पसरा हुआ था। लोग अपने दरवाजे बंद कर परिवारों के साथ घरों के अंदर थे। बातचीत में कॉलोनीवासियों ने बताया कि अब बच्चे गार्डन में भी नहीं खेलते, कुत्ते और मवेशी गायब हो रहे हैं और तेंदुआ अब तक 2 मवेशियों को अपना शिकार बना चुका है। एक मवेशी का अंतिम संस्कार भी कॉलोनीवासियों ने मिलकर किया।

स्थिति यह हो गई है कि लोग शाम होने से पहले ही अपने काम निपटाकर घर लौट रहे हैं और सुबह भी डर के माहौल में घर से निकलते हैं। कॉलोनी की कई स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हैं, और चारों ओर घनी झाड़ियाँ हैं जिनमें तेंदुआ आसानी से छिप सकता है।

हालांकि वन विभाग को कई बार सूचना दी जा चुकी है, लेकिन अब तक किसी ठोस कार्रवाई के संकेत नहीं मिले हैं। लोगों की मांग है कि जल्द से जल्द तेंदुए को पकड़कर सुरक्षित जंगल में छोड़ा जाए और कॉलोनी में गश्त बढ़ाई जाए।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading