रायपुर, 6 जुलाई 2025 — मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने रविवार को नवा रायपुर स्थित मंत्रालय महानदी भवन में आवास एवं पर्यावरण विभाग की समीक्षा बैठक ली। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नवा रायपुर के सुव्यवस्थित विकास, रेल कनेक्टिविटी, लॉजिस्टिक हब, ऑक्सीजोन, और अन्य नागरिक सुविधाओं के विस्तार को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सुव्यवस्थित और आधुनिक राजधानी की दिशा में प्रयास

मुख्यमंत्री ने कहा कि नवा रायपुर का सुनियोजित और व्यवस्थित विकास राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि नवा रायपुर में देश के शीर्ष शिक्षण संस्थान जैसे IIM, IIIT और नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी स्थापित हैं और यहां की जनसंख्या में भविष्य में वृद्धि होगी, ऐसे में नागरिक सुविधाओं का विस्तार आवश्यक है।

रेल कनेक्टिविटी को लेकर निर्देश

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत सरकार द्वारा निर्माणाधीन परमालकसा-खरसिया नई रेलवे लाइन को नवा रायपुर से जोड़ा जाना चाहिए। इससे क्षेत्र में रेल सुविधाओं का विस्तार होगा और आम नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा।

विशाखापट्टनम एक्सप्रेसवे और लॉजिस्टिक हब पर जोर

मुख्यमंत्री ने भारत माला परियोजना के तहत बन रहे विशाखापट्टनम एक्सप्रेसवे के माध्यम से लॉजिस्टिक हब स्थापित करने की आवश्यकता पर बल दिया। अधिकारियों ने बताया कि एक्सप्रेसवे का 95% कार्य पूर्ण हो चुका है और इसके बन जाने से रायपुर से विशाखापट्टनम की दूरी 100 किमी कम हो जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे आयात-निर्यात को बढ़ावा मिलेगा और औद्योगिक निवेश के नए अवसर सृजित होंगे।

ऑक्सीजोन और नई संरचनाओं की योजना

मुख्यमंत्री ने ऑक्सीजोन के अंतर्गत नवा रायपुर में पीपल, बरगद, नीम, गुलमोहर जैसे पौधों के रोपण व देखरेख की जानकारी ली। साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि नवा रायपुर में वर्किंग वुमन हॉस्टल, 100 बिस्तर अस्पताल, नवीन थाना, और आयोग बिडिंग कॉम्प्लेक्स की योजनाएं तैयार की जा रही हैं।

विभागीय कार्यों की समीक्षा

बैठक में मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल, नगर एवं ग्राम निवेश, छत्तीसगढ़ रेरा, और रायपुर विकास प्राधिकरण के कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी योजनाएं समयबद्ध और लाभकारी होनी चाहिए।

बैठक में उपस्थित रहे वरिष्ठ अधिकारी

बैठक में वित्त एवं आवास पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, सचिव राहुल भगत, सचिव अंकित आनंद, NRDA सीईओ चंदन कुमार, गृह निर्माण मंडल आयुक्त अवनीश शरण, रायपुर विकास प्राधिकरण सीईओ आकाश छिकारा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading