दुर्ग, 9 जुलाई 2025: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में लगातार हो रही भारी बारिश और मोगरा बैराज से छोड़े गए पानी के चलते शहर की जल आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो गई है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने आज शिवनाथ नदी किनारे स्थित 24 व 42 एमएलडी इंटकवेल का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान महापौर श्रीमती अल्का बाघमार, संयुक्त कलेक्टर श्री हरवंश मिरी, डिप्टी कलेक्टर श्री उत्तम ध्रुव, नगर निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल और तहसीलदार श्री प्रफुल्ल गुप्ता भी मौजूद थे।

इंटकवेल में जलकुंभी और कचरे से बाधित हुई पाइपलाइनें

पुलगांव नाले से बहकर आ रही जलकुंभी, झिल्ली और प्लास्टिक पन्नी इंटकवेल में गहराई तक फंस गई है, जिससे पाइपलाइनें जाम हो गई हैं। इसी कारण शहर में पीने के पानी की आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हुई है। कलेक्टर के निर्देश पर NDRF की गोताखोर टीम को तैनात कर इंटकवेल की गहराई तक सफाई कराई जा रही है।

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण

इंटकवेल निरीक्षण के पश्चात कलेक्टर और महापौर ने पुलगांव बस्ती, महावीर कॉलोनी और खंडेलवाल कॉलोनी जैसे बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर स्थानीय नागरिकों से चर्चा की और तत्काल राहत कार्यों का जायजा लिया। बीते चार दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के चलते शिवनाथ नदी और पुलगांव नाला उफान पर हैं, जिससे नगर निगम क्षेत्र में जल आपूर्ति के साथ-साथ जलभराव और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं।

स्थायी समाधान के लिए बनेगी कार्ययोजना

निरीक्षण उपरांत कलेक्टर कार्यालय में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें महापौर, नगर निगम आयुक्त, जलगृह प्रभारी, सिंचाई विभाग और नगर निगम के अधिकारी शामिल हुए। कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि इंटकवेल की सफाई और जल आपूर्ति को सुचारू बनाने के लिए स्थायी समाधान हेतु कार्यक्षमता वाली योजना बनाई जाए और उसे तत्काल अमल में लाया जाए।

नगर निगम प्रशासन ने भी आश्वस्त किया है कि नागरिकों को जल्द ही नियमित जल आपूर्ति बहाल की जाएगी और जलजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading