रायपुर, 28 जुलाई 2025।
सावन मास के तीसरे सोमवार को छत्तीसगढ़ के ऐतिहासिक बाबा भोरमदेव मंदिर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हजारों कांवड़ियों और शिवभक्तों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया। इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा व अरुण साव भी उपस्थित रहे।

यह लगातार दूसरा वर्ष है जब मुख्यमंत्री ने स्वयं श्रद्धालुओं के सम्मान में पुष्पवर्षा की। पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने भोरमदेव मंदिर परिसर में रुद्राभिषेक कर प्रदेश की शांति, समृद्धि और कल्याण की कामना की।

151 किमी पदयात्रा करने वाली विधायक भावना बोहरा सम्मानित

मुख्यमंत्री साय ने अमरकंटक से 151 किमी पदयात्रा कर भोरमदेव पहुंची विधायक भावना बोहरा को भगवा वस्त्र और श्रीफल देकर सम्मानित किया। उन्होंने इस भक्ति और आस्था के समर्पण को प्रदेश की संस्कृतिक विरासत का प्रतीक बताया।

146 करोड़ की भोरमदेव कॉरिडोर परियोजना

मुख्यमंत्री ने भोरमदेव मंदिर विकास के लिए स्वदेश दर्शन योजना 2.0 के तहत 146 करोड़ रुपये की भोरमदेव कॉरिडोर परियोजना की जानकारी दी। इसमें मड़वा महल, छेरकी महल, रामचुवा और सरोदा जलाशय को जोड़कर एक धार्मिक-पर्यटन कॉरिडोर विकसित किया जाएगा।

श्रद्धालु भवन का निर्माण

मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ से अमरकंटक जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए मध्यप्रदेश के अनूपपुर में 5 एकड़ भूमि पर श्रद्धालु भवन निर्माण की योजना है, जिससे पदयात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सके।

बाबा भोरमदेव: ऐतिहासिक आस्था का केंद्र

11वीं शताब्दी में निर्मित बाबा भोरमदेव मंदिर कवर्धा से 18 किमी दूर चौरा ग्राम में स्थित है। यह स्थल धार्मिक, ऐतिहासिक और पुरातात्विक महत्व से भरपूर है। सावन मास में कबीरधाम, बेमेतरा, मुंगेली, राजनांदगांव और मध्यप्रदेश के अमरकंटक से हजारों श्रद्धालु 150 किमी पदयात्रा कर यहाँ जलाभिषेक करने आते हैं।

मुख्यमंत्री का संदेश

मुख्यमंत्री साय ने कहा, “श्रद्धा और परंपरा की इस यात्रा में शामिल होकर मैं गौरवांवित हूँ। बाबा भोरमदेव की कृपा से छत्तीसगढ़ की धरती समृद्ध और शांतिपूर्ण बनी रहे।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading