रायपुर, 29 जुलाई 2025: स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में छत्तीसगढ़ ने स्वच्छता के क्षेत्र में देशभर में अपना परचम लहराया है। राज्य के 169 नगरीय निकायों में से 115 शहरों ने राष्ट्रीय रैंकिंग में उल्लेखनीय सुधार किया है। इस वर्ष देश के 4,566 शहरों के बीच छत्तीसगढ़ के 25 शहर टॉप-100 में शामिल हुए हैं, जो पिछले वर्ष के 16 शहरों की तुलना में बड़ी उपलब्धि है।

राज्य के 163 नगरीय निकायों को ओडीएफ प्लस प्लस दर्जा प्राप्त हुआ है, जबकि बिलासपुर, कोरबा और भिलाई नगर ने ओडीएफ प्लस प्लस से आगे बढ़ते हुए वाटर प्लस का गौरव हासिल किया है। राजधानी रायपुर को गारबेज-फ्री सिटी में सेवन स्टार रेटिंग और वाटर प्लस शहर का दर्जा मिला है, जो इसे स्वच्छता में देश के शीर्ष शहरों में स्थापित करता है।

62 नगरीय निकायों ने गारबेज-फ्री सिटी स्टार रेटिंग में सुधार कर राज्य को नई ऊंचाई दी है। बिलासपुर और अंबिकापुर ने फाइव स्टार रेटिंग प्राप्त की, वहीं भिलाई नगर, जगदलपुर, जामुल और घरघोड़ा ने सिंगल स्टार से थ्री स्टार का स्तर प्राप्त किया। धमतरी, शिबरीनारायण और राजपुर जैसे शहर पहली बार स्टार रेटिंग में शामिल होकर सीधे थ्री स्टार पर पहुंचे हैं।

सिमगा, जशपुर, राजपुर, घरघोड़ा, भिलाई-चरोदा, दोरनापाल, दंतेवाड़ा, जगदलपुर, मुंगेली, कवर्धा, दुर्ग, राजनांदगांव, भिलाई नगर और रायपुर जैसे शहरों ने अपनी राष्ट्रीय रैंकिंग में जबरदस्त सुधार किया है। विशेष रूप से रायपुर ने 12वीं रैंक से छलांग लगाकर चौथा स्थान प्राप्त किया है।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि को स्थानीय निकायों, राज्य सरकार और नागरिकों के साझा प्रयासों का परिणाम बताते हुए कहा कि यह सफलता छत्तीसगढ़ की नई पहचान बनेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में राज्य के शहर स्वच्छता में नई मिसाल कायम करेंगे।

उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री श्री अरुण साव ने बताया कि नगरीय विकास और स्वच्छता के लिए वित्तीय वर्ष 2024-25 में 7,400 करोड़ रुपये जारी किए गए थे। उन्होंने कहा कि सफाई कार्यों की निगरानी हेतु अधिकारियों को दिए गए विशेष निर्देशों और योजनाबद्ध प्रयासों का यह सकारात्मक परिणाम है।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading