रायपुर, 29 जुलाई 2025: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने FIDE महिला शतरंज विश्व कप–2025 में भारत की बेटियों द्वारा किए गए ऐतिहासिक प्रदर्शन पर गहरा हर्ष और गर्व व्यक्त किया है। उन्होंने विजेता दिव्या देशमुख और उपविजेता कोनेरू हम्पी को हार्दिक शुभकामनाएं दीं और इस उपलब्धि को भारत की बेटियों की शक्ति, संकल्प और सामर्थ्य का प्रतीक बताया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि यह केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं थी, बल्कि भारत की बेटियाँ अब वैश्विक मंच पर अपनी पहचान बना रही हैं। उन्होंने कहा, “जब विश्व कप के फाइनल मुकाबले में दो भारतीय बेटियाँ आमने-सामने हों, तो वह क्षण पूरे देश के लिए आत्मगौरव और आत्मविश्वास का उत्सव बन जाता है।”

उन्होंने आगे कहा कि दिव्या देशमुख का विश्व खिताब जीतना और कोनेरू हम्पी का उपविजेता बनना इस बात का साक्ष्य है कि भारत की बेटियाँ किसी भी क्षेत्र में अब पीछे नहीं हैं। यह ऐतिहासिक जीत पूरे देश, खासकर बेटियों को प्रेरित करेगी कि दृढ़ संकल्प, एकाग्रता और लगन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि यह उपलब्धि भारत के हर गांव और शहर की बेटियों को यह संदेश देती है कि सपनों को साकार करने के लिए कोई सीमा नहीं होती। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि यह ऐतिहासिक क्षण आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देता रहेगा।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading