रायपुर, 30 जुलाई 2025/
छत्तीसगढ़ के किसानों और कृषि उत्पादकों के लिए एक बड़ी सौगात सामने आई है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के सतत प्रयासों और उद्योग विभाग की सक्रिय पहल के चलते भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने APEDA (कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण) का क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर में खोलने की मंजूरी दी है।

यह कार्यालय राज्य में कृषि और खाद्य उत्पादों के निर्यात को नई दिशा देगा और किसानों को वैश्विक बाजार से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगा।


किसानों और निर्यातकों को एक ही स्थान पर मिलेगी समग्र सुविधा

अब छत्तीसगढ़ के किसानों, उत्पादकों और निर्यातकों को प्रशिक्षण, प्रमाणन, पैकेजिंग, मानकीकरण और निर्यात संबंधी सहायता के लिए अन्य राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा। सभी सुविधाएं रायपुर स्थित APEDA कार्यालय से ही उपलब्ध होंगी।


स्थानीय स्तर पर मिलेगी वैश्विक गुणवत्ता की सुविधा

अब फाइटो-सेनेटरी प्रमाणपत्र, गुणवत्ता जांच, लैब टेस्टिंग और निर्यात से जुड़ी प्रक्रियाएं राज्य में ही पूरी हो सकेंगी, जिससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी।


ब्रांडिंग और वैश्विक पहचान मिलेगी छत्तीसगढ़ के उत्पादों को

चावल, फल-सब्ज़ियाँ, GI टैग वाले उत्पाद, मिलेट्स और अन्य स्थानीय कृषि उत्पाद अब आसानी से अंतरराष्ट्रीय बाजारों में निर्यात हो सकेंगे। इससे छत्तीसगढ़ को वैश्विक मंच पर पहचान मिलेगी।


किसानों की आय में वृद्धि और ज्ञान का विस्तार

उत्पादों का निर्यात होने से किसानों को बेहतर मूल्य मिलेगा। साथ ही अंतरराष्ट्रीय मानकों की जानकारी, नई तकनीक, पैकेजिंग और मार्केटिंग की ट्रेनिंग भी उन्हें स्थानीय स्तर पर मिल पाएगी।


निर्यात बुनियादी ढांचे को मिलेगा बढ़ावा

APEDA फूड प्रोसेसिंग यूनिट्स, कोल्ड स्टोरेज, पैक हाउस जैसी सुविधाओं के विकास में भी सहयोग करता है। इससे राज्य में कृषि आधारित उद्योगों को नई गति मिलेगी।


स्टार्टअप्स और MSMEs को योजनाओं का लाभ

अब छत्तीसगढ़ के MSMEs, स्टार्टअप्स और किसान APEDA की सब्सिडी और स्किल डेवलपमेंट योजनाओं का लाभ आसानी से उठा सकेंगे।


मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस ऐतिहासिक निर्णय पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि,

“यह कार्यालय न केवल किसानों को वैश्विक बाजार से जोड़ेगा, बल्कि छत्तीसगढ़ को आत्मनिर्भर और समृद्ध राज्य बनाने की दिशा में एक निर्णायक कदम सिद्ध होगा। ‘लोकल टू ग्लोबल’ की दिशा में यह एक बड़ी उपलब्धि है।”

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading