नई दिल्ली, 1 अगस्त 2025:
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय जलशक्ति मंत्री श्री सी. आर. पाटिल से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान राज्य की प्रमुख जल परियोजनाओं, विशेष रूप से बस्तर क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित बोधघाट बहुद्देशीय परियोजना को लेकर गहन चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री श्री साय ने मंत्री श्री पाटिल को अवगत कराया कि बोधघाट परियोजना न केवल सिंचाई और पेयजल आपूर्ति, बल्कि ऊर्जा उत्पादन के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि इस परियोजना से लगभग 8 लाख हेक्टेयर भूमि की सिंचाई और 125 मेगावाट बिजली उत्पादन संभव होगा।

उन्होंने यह भी कहा कि बस्तर क्षेत्र लंबे समय तक विकास से वंचित रहा है और वर्तमान सरकार की प्राथमिकता है कि इस क्षेत्र को नक्सल हिंसा से मुक्त कर, आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाया जाए।

मुख्यमंत्री ने बताया कि अब नक्सली प्रभाव में कमी आई है और ऐसे में बोधघाट जैसी विकास परियोजनाओं के लिए अनुकूल वातावरण तैयार हो गया है। उन्होंने आग्रह किया कि इस परियोजना को राष्ट्रीय परियोजना घोषित कर निर्माण की दिशा में केंद्र सरकार आवश्यक पहल करे।

केंद्रीय जलशक्ति मंत्री श्री पाटिल ने राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना की और परियोजना से संबंधित प्रस्तावों का शीघ्र तकनीकी परीक्षण कराने का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार के सहयोग से बोधघाट परियोजना शीघ्र साकार होगी और यह बस्तर की आर्थिक उन्नति और सामाजिक परिवर्तन का मुख्य आधार बनेगी।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading