दुर्ग, 13 अगस्त 2025।
स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले दुर्ग शहर आज तिरंगे के रंग में रंगा नजर आया। मोर तिरंगा मोर अभियान के तहत आयोजित भव्य एवं वृहद तिरंगा यात्रा ने पूरे शहर में राष्ट्रप्रेम का संदेश फैलाया। जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक के नेतृत्व में शहीद चौक से शुरू हुई यह यात्रा अग्रसेन चौक, श्री शिवम मॉल, पोलसाय पारा, तकिया पारा, होटल मान चौक, इंदिरा मार्केट होते हुए पुराना बस स्टैंड में संपन्न हुई।

यात्रा में स्कूली बच्चों ने देश की विभूतियों के परिधान धारण कर देशभक्ति का माहौल जीवंत कर दिया। जगह-जगह समाज के विभिन्न वर्गों द्वारा तिरंगा यात्रा का गर्मजोशी से स्वागत किया गया—सिख समाज, मुस्लिम समाज, ताम्रकार समाज, व्यापारी संघ, चैंबर ऑफ कॉमर्स और कई संस्थाओं ने पुष्पवर्षा एवं जयघोष से स्वागत किया।

इस अवसर पर दुर्ग सांसद विजय बघेल ने कहा, “ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद देश के प्रति प्रेम का जज्बा और भी बढ़ गया है। आज की तिरंगा यात्रा भव्य और ऐतिहासिक है, इसमें समाज का हर वर्ग शामिल हुआ है। मैं सभी से आग्रह करता हूं कि 15 अगस्त पर अपने घरों पर तिरंगा अवश्य फहराएं।”

जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक ने कहा कि तिरंगा भारत की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। “आज दुर्ग की जनता की उपस्थिति ने यह साबित कर दिया कि हमारे दिलों में देश के लिए कितना सम्मान है,” उन्होंने कहा।

विधायक ललित चंद्राकर और गजेंद्र यादव ने भी राष्ट्रवाद की भावना को प्रज्वलित रखने का संदेश दिया और हर घर तिरंगा लगाने का आग्रह किया।
भाजपा प्रदेश मंत्री एवं कार्यक्रम संयोजक जितेंद्र वर्मा ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य तिरंगे को केवल संस्थागत आयोजनों तक सीमित न रखकर हर घर तक पहुंचाना है, ताकि नागरिक और राष्ट्रीय ध्वज के बीच व्यक्तिगत जुड़ाव स्थापित हो।

रैली में महापौर अल्का बाघमार, पूर्व मंत्री रमशिला साहू, कलेक्टर अभिजीत सिंह, एसपी विजय अग्रवाल सहित सैकड़ों जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता, स्कूली बच्चे और गणमान्य नागरिक शामिल हुए। पूरा दुर्ग आज तिरंगा मय दिखाई दिया और स्वतंत्रता दिवस से पहले ही राष्ट्रभक्ति का जोश चरम पर पहुंच गया।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading