रायगढ़, 14 अगस्त 2025।
स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले धरमजयगढ़ का माहौल उत्साह और उम्मीदों से भर गया, जब मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने यहां के लोगों को कुल 62 करोड़ 36 लाख रुपए की विकास योजनाओं की सौगात दी। इस अवसर पर उन्होंने 42 करोड़ 99 लाख रुपए की लागत से 45 विकास कार्यों का लोकार्पण और 19 करोड़ 36 लाख रुपए की लागत से 70 कार्यों का भूमिपूजन किया।

गांव-गांव तक विकास की किरण पहुंचाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री साय ने कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इनमें धरमजयगढ़ के पानीखेत से ऐडुकला मार्ग पर भेंगारी नाला पर उच्च स्तरीय पुल (5.25 करोड़) और लैलूंगा के पाकरगांव मार्ग पर खारून नदी पर पुल (6.39 करोड़) प्रमुख हैं। इसके अलावा 28.53 करोड़ की लागत से खरसिया, लैलूंगा और धरमजयगढ़ में नलजल प्रदाय योजनाएं, बहिरकेला और लमडांड में 75-75 लाख की लागत से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, कोनपारा में सामुदायिक भवन और खडग़ांव में 1.25 करोड़ की लागत से विद्युत उपकेंद्र का लोकार्पण किया गया।

भूमिपूजन के दौरान मुख्यमंत्री ने आदिवासी बालक छात्रावास भवन (13.28 करोड़), वॉच टॉवर और पेट्रोलिंग कैम्प, पुलिया, सड़क, शेड, सामुदायिक भवन सहित अनेक बुनियादी सुविधाओं के निर्माण की नींव रखी। साथ ही 44 स्वास्थ्य केंद्रों के मरम्मत कार्यों के लिए 3.22 करोड़ की राशि स्वीकृत की।

मुख्यमंत्री ने कहा, “यह सिर्फ ईंट-पत्थर के ढांचे नहीं हैं, बल्कि ये धरमजयगढ़ और रायगढ़ जिले के उज्जवल भविष्य की नींव हैं।” स्थानीय लोगों ने भी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह विकास कार्य उनके रोजमर्रा के जीवन को आसान बनाएंगे और आर्थिक गतिविधियों को नई रफ्तार देंगे।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading