रायपुर, 15 अगस्त 2025।
स्वतंत्रता दिवस के ऐतिहासिक अवसर पर राजधानी रायपुर के मुक्ताकाशी मंच से मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव का भव्य शुभारंभ किया। यह महोत्सव 15 अगस्त 2025 से लेकर 6 फरवरी 2026 तक पूरे 25 सप्ताह तक राज्यभर में जनभागीदारी, सांस्कृतिक उत्साह और विकास की नई ऊर्जा के साथ मनाया जाएगा।

मुख्यमंत्री साय ने अपने संबोधन में कहा, “यह महोत्सव सिर्फ सरकारी आयोजन नहीं, बल्कि प्रदेश के हर नागरिक का अपना उत्सव है।” उन्होंने प्रदेशवासियों से इसमें पूरे उत्साह और गर्व के साथ भाग लेने का आह्वान किया।

इस मौके पर उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को नमन करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से ही छत्तीसगढ़ का गठन संभव हुआ। मुख्यमंत्री ने बीते 25 वर्षों की उपलब्धियों को याद करते हुए किसानों, युवाओं और आम जनता के लिए किए गए कार्यों का उल्लेख किया—धान की रिकॉर्ड खरीद, पीडीएस के आदर्श मॉडल से कोई भूखा न सोने की व्यवस्था, और IIT, IIM, NLU जैसी संस्थाओं की स्थापना।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की जीएसडीपी 21 हज़ार करोड़ से बढ़कर 5 लाख करोड़ रुपये तक पहुंची है और अगले पाँच वर्षों में इसे 10 लाख करोड़ तक ले जाने का लक्ष्य है। फार्मा, सेमीकंडक्टर और टेक्सटाइल जैसे क्षेत्रों में 6 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश आकर्षित किया जा चुका है।

महोत्सव के दौरान बस्तर ओलंपिक और बस्तर पंडुम जैसे पारंपरिक आयोजन भी होंगे, जो स्थानीय खेलों और संस्कृति को नई पहचान देंगे। इसके अलावा सभी विभागों को एक-एक सप्ताह का समय देकर ग्राम स्तर तक विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि जनता तक योजनाओं की जानकारी और लाभ पहुंच सके।

कार्यक्रम में रजत महोत्सव विशेषांक पुस्तक का विमोचन, लोगो और वेब पोर्टल का लोकार्पण किया गया। मंच पर विधायकों, जनप्रतिनिधियों, साहित्यकारों, अधिकारियों और स्कूली बच्चों की बड़ी उपस्थिति रही, जिसने इस शुभारंभ को एक ऐतिहासिक क्षण बना दिया।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading