रायपुर, 15 अगस्त 2025।
स्वतंत्रता दिवस के 79वें वर्ष पर रायपुर का नजारा देशभक्ति के रंग में रंगा हुआ था। छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के निर्देश पर शहर की सभी मस्जिदों, दरगाहों और मदरसों के मुख्य द्वार पर तिरंगा लहराया गया। सुबह से ही मदरसों के बच्चे और मस्जिद कमेटियों के सदस्य राष्ट्रीय ध्वज फहराने की तैयारियों में जुटे थे।

वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष सलीम राज ने सोमवार को एक परिपत्र जारी कर यह निर्देश अनिवार्य किया था। उन्होंने कहा था कि राष्ट्रीय ध्वज हमारे गौरव और सम्मान का प्रतीक है, और स्वतंत्रता दिवस के महत्व को समझते हुए इसे देशभक्ति, आपसी एकता और भाईचारे के साथ मनाना चाहिए।

आज सुबह दरगाह हजरत सैयद शेर अली आगा परिसर में तिरंगा फहराने के बाद राष्ट्रगान गाया गया और ‘भारत माता की जय’ के नारे गूंज उठे। सलीम राज ने कार्यक्रम में मौजूद बच्चों को मिठाई वितरित की और कहा, “यह गर्व और खुशी का क्षण है। भारतीय मुसलमान देशभक्त हैं और अपने देश से प्रेम करते हैं। पाकिस्तान के प्रति मोह नहीं, बल्कि देश की एकता और शांति के प्रति समर्पण हमारा संदेश है।”

दरगाह ट्रस्ट के सदस्य राहिल ने बताया कि इस दरगाह में पिछले 42 वर्षों से ‘जश्न-ए-आज़ादी’ मनाया जा रहा है। “हमारे लिए यह राष्ट्रीय पर्व है। तिरंगा फहराकर हम उन स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि देते हैं जिन्होंने अपने प्राण न्योछावर किए। यह हर भारतीय के लिए सबसे गर्व का दिन है।”

सलीम राज ने आज सुबह हजरत फतेहशाह मजार और मस्जिद टिकरापारा, दरगाह हजरत सैयद शेर अली आगा बनजारी वाले बाबा, दरगाह हॉस्पिटल वाले बाबा और मस्जिद बोहरा समाज में भी तिरंगा फहराया।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading