रायपुर, 16 अगस्त 2025। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का सरकारी निवास आज नन्हें कान्हाओं की अठखेलियों और राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकियों से गूंज उठा। राजधानी रायपुर के बैरन बाजार आंगनबाड़ी के छोटे-छोटे बच्चे जब राधा और कृष्ण की वेशभूषा में मंच पर उतरे, तो पूरा वातावरण भक्ति और आनंद से सरोबार हो गया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने बच्चों के साथ भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की और प्रदेश की खुशहाली, सुख-समृद्धि और निरंतर तरक्की की कामना की। उन्होंने बच्चों को अपने हाथों से चॉकलेट, प्रसाद और शिक्षण सामग्री वितरित कर स्नेह जताया।

पूरे मुख्यमंत्री निवास को फूलों और रंग-बिरंगी रोशनियों से सजाया गया था। जब बच्चों ने कृष्ण-लीला के प्रसंग प्रस्तुत किए, तो उनकी मासूमियत और अभिनय ने वहां मौजूद हर किसी का मन मोह लिया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा – “भगवान श्रीकृष्ण की लीलाएं हमें धर्म, नीति और कर्तव्य पालन की प्रेरणा देती हैं। छत्तीसगढ़ की जनता की मेहनत और आस्था से प्रदेश निरंतर विकास कर रहा है। हम सब मिलकर भगवान कृष्ण के उपदेशों से प्रेरणा लेकर न्याय, सद्भाव और विकास की नई ऊँचाइयों तक बढ़ेंगे।”

उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन हमारी परंपराओं को जीवित रखते हैं और नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ते हैं।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम के अध्यक्ष श्री राम सेवक पैकरा, नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव सहित अन्य गणमान्यजन मौजूद रहे।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading