रायपुर, 16 अगस्त 2025।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर से मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने एसबीआई साइबर सतर्कता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही प्रदेशव्यापी साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान की शुरुआत हुई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डिजिटल तकनीक ने आम नागरिक के जीवन को सहज और सरल बनाया है। आज लेन-देन पहले से कहीं अधिक तेज और सुविधाजनक हो गए हैं, लेकिन इसके साथ ही साइबर ठगी और ऑनलाइन धोखाधड़ी जैसी चुनौतियाँ भी तेजी से बढ़ रही हैं। उन्होंने आमजन से अपील की कि थोड़ी सी सतर्कता और सावधानी अपनाकर वे अपनी मेहनत की कमाई को सुरक्षित रख सकते हैं।

इस रथ के माध्यम से लोगों को ऑडियो-वीडियो संदेश, नुक्कड़ नाटक और कठपुतली नाटक के जरिए साइबर ठगी के खतरों और उनसे बचाव के उपायों के बारे में जागरूक किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 29 साइबर ठगी हॉटस्पॉट चिन्हित किए गए हैं, जहाँ यह रथ विशेष फोकस करेगा।

उन्होंने कहा—“लोग अपने बैंक खाते की गोपनीय जानकारी, पासवर्ड और ओटीपी किसी के साथ साझा न करें तथा अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें। साइबर ठग लगातार नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को ठगने की कोशिश करते हैं। ज़रा सी लापरवाही बड़ी हानि का कारण बन सकती है।”

उल्लेखनीय है कि भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने यह राज्यव्यापी अभियान “हर भारतीय का बैंकर” की भूमिका निभाते हुए शुरू किया है। यह अभियान 15 अगस्त से 30 नवंबर 2025 तक चलेगा और प्रदेश के सभी 33 जिलों में पहुँचकर आमजन को जागरूक करेगा।

भारतीय स्टेट बैंक के अधिकारियों ने बताया कि यदि किसी के साथ ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी होती है तो तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
इस अवसर पर एसबीआई के डीजीएम श्री राकेश सिन्हा, एजीएम श्री दीपक कुमार सिन्हा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading