रायपुर, 18 अगस्त 2025।
भिलाई में सोमवार को आयोजित एक भव्य समारोह में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि स्टेट कैपिटल रीजन की परिकल्पना से रायपुर, दुर्ग, भिलाई और राजनांदगांव सहित पूरे अंचल को नई पहचान और व्यापक विकास का लाभ मिलेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नगरीय निकाय चुनाव में जारी अटल विश्वास पत्र के सभी वादे एक-एक कर पूरे किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर भिलाई नगर पालिक निगम क्षेत्र के लिए 241.50 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। साथ ही नगर निगम के नए कार्यालय भवन के लिए 20 करोड़ रुपये की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नगरीय क्षेत्रों में सुविधाओं के तेजी से विस्तार के लिए सरकार हरसंभव सहयोग दे रही है। उन्होंने याद दिलाया कि सुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए राज्य में सुशासन एवं अभिसरण विभाग का गठन किया गया है। प्रदेश की 1460 ग्राम पंचायतों में अटल डिजिटल सेवा केंद्र शुरू हो चुके हैं और अगले छह माह में 5 हजार और पंचायतों को इससे जोड़ा जाएगा। उन्होंने घोषणा की कि 24 अप्रैल 2026 को पंचायती राज दिवस पर राज्य की सभी ग्राम पंचायतों में यह सुविधा उपलब्ध होगी।

उन्होंने कहा कि बीते 20 महीनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अधिकांश गारंटियों को पूरा किया गया है।

  • किसानों को प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी और 3100 रुपये प्रति क्विंटल भुगतान सुनिश्चित किया गया।
  • महिलाओं को महतारी वंदन योजना के तहत प्रतिमाह एक हजार रुपये दिए जा रहे हैं, जिससे 70 लाख से अधिक महिलाएं लाभान्वित हो रही हैं।
  • भूमिहीन कृषि मजदूरों को दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर योजना के तहत सालाना 10 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है।
  • रामलला दर्शन योजना के तहत 22 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या यात्रा कर चुके हैं।

उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि पिछले एक वर्ष में नगरीय निकायों के विकास के लिए 7 हजार करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। नगरोत्थान योजना के माध्यम से सुनियोजित विकास की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं। उन्होंने बताया कि पिछले 18 माह में केवल भिलाई नगर निगम को ही 470 करोड़ रुपये दिए गए।

उन्होंने गर्व से कहा कि स्वच्छता के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने नई पहचान बनाई है। प्रदेश के सात नगरीय निकायों को राष्ट्रीय स्वच्छता पुरस्कार और 58 छोटे शहरों को विशेष सम्मान मिला है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने महिला पार्षद स्मृति दोड़के को स्वच्छता वार्ड पुरस्कार, पीएम आवास योजना के हितग्राहियों को गृह प्रवेश प्रमाणपत्र, पीएम सूर्य घर योजना के हितग्राहियों को प्रमाणपत्र, दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल और महिला समूहों को आर्थिक सहयोग प्रदान किया।

कार्यक्रम में विधायक रिकेश सेन, महापौर नीरज पाल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पांडेय, पूर्व मंत्री रमशीला साहू, पूर्व विधायक लाभचंद बाफना सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading